Brown Sugar Ara: भोजपुर पुलिस और बिहार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई में करीब डेढ़ किलो ब्राउन शुगर के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
- हाइलाइट: Brown Sugar Ara
- आरा: डेढ़ किलो ब्राउन शुगर के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
- नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और भोजपुर पुलिस संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई
- नवादा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड हनुमान मंदिर के समीप पकड़े गए दोनों तस्कर
- मणिपुर से आरा लायी जा रही थी ब्राउन शुगर की खेप, दोनों तस्करों के मोबाइल जब्त
- मोबाइल और पूछताछ के जरिए तस्करों के नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
आरा। भोजपुर पुलिस और बिहार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई में करीब डेढ़ किलो ब्राउन शुगर के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को नवादा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड हनुमान मंदिर पास दोनों को ब्राउन शुगर की खेप साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार तस्करों में शाहपुर थाना क्षेत्र के सहजौली गांव निवासी शिवजी साह का पुत्र गणेश साह और बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी स्व. जीतेंद्र गुप्ता का पुत्र राजू कुमार गुप्ता उर्फ विनोद गुप्ता शामिल हैं। जब्त ब्राउन शुगर की कीमत दो करोड़ से अधिक आंकी जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में दोनों ने मणिपुर से ब्राउन शुगर की खेप लाने की बात स्वीकार की है। दोनों के मोबाइल भी जब्त कर लिए गए हैं। इनके पास से करीब 24 सौ रुपए भी बरामद किये गये हैं। पुलिस के अनुसार सहजौली गांव निवासी गणेश साह असम के गुवाहाटी, जबकि बक्सर के जोगिया गांव निवासी राजू कुमार गुप्ता उर्फ विनोद गुप्ता मणिपुर के सेनापति जिले के सेनापति थाना क्षेत्र के मैकरेलू बाजार कॉलोनी में रहता है।
Brown Sugar Ara : आरा स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद पैदल जा रहे थे
भोजपुर पुलिस अधीक्षक राज की ओर से ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों की गिरफ्तारी की पुष्टि की गयी है। उन्होंने बताया कि राज्य नारकोटिक्स और भोजपुर पुलिस को सूचना मिली थी की मणिपुर से ट्रेन द्वारा भारी मात्रा में ब्राउन ब्राउन शुगर की खेप आरा लायी जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम तस्करों की गिरफ्तारी को लेकर रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद थी। दोनों तस्कर आरा स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद पैदल जा रहे थे। तभी टीम ने स्टेशन रोड हनुमान मंदिर के समीप घेराबंदी कर दोनों तस्करों गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान गणेश साह के पीठू बैग से दो पैकेट से 1 किलो 20 ग्राम, जबकि राजू कुमार गुप्ता उर्फ विनोद कुमार गुप्ता के पास से 512 ब्राउन शुगर बरामद किया गया। राजू कुमार गुप्ता ने गमछा के जरिए अपने शरीर में ब्राउन शुगर बांध रखा था। उसके उपर शर्ट पहन रखा था। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर इनके नेटवर्क को खंगाल रही है। अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है। इसमें दोनों के मोबाइल की भी मदद ली जा रही। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि जब्त ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां की जानी थी। दोनों तस्करों के पूर्व के इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। इस मामले में दोनों के खिलाफ नवादा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

