Bhojpur SP Raj Controversy: भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी में हुए भरत तिवारी कथित एनकाउंटर के बाद से एसपी मिस्टर राज विवादों में हैं।
- हाइलाइट: Bhojpur SP Raj Controversy
- भोजपुर के बिलौटी गांव में भरत तिवारी का कथित एनकाउंटर किया।
- भरत तिवारी का एनकाउंटर 17 जून 2026 (बुधवार) को हुआ था।
- भोजपुर पुलिस ने दावा किया कि भरत ने उन पर गोलियां चलाई थीं।
- वीडियो में भरत तिवारी को आत्मसमर्पण करते हुए साफ देखा गया।
- भरत के परिजनों ने इसे साजिश के तहत की गई हत्या करार दिया।
- विपक्ष और नेताओं ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताकर हंगामा किया।
- भोजपुर एसपी पर पीड़ित परिवार को धमकाने के आरोप लगे हैं।
- मामले की गंभीरता को देखते हुए अब न्यायिक जांच जारी है।
आरा। बिहार के भोजपुर में हुए भरत तिवारी कथित एनकाउंटर के बाद से एसपी मिस्टर राज विवादों में हैं। बिहार कैडर के 2019 बैच के आईपीएस (IPS) अधिकारी हैं। मिस्टर राज को 12 सितंबर 2024 को भोजपुर की कमान सौंपी गई थी। उन्होंने अपने पुलिस करियर में कई बेहतरीन काम भी किए हैं, मगर भरत तिवारी एनकाउंटर मामला गले की फांस बन गया है।
हाल ही में शाहपुर के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले को लेकर गहरे विवादों में हैं। मृतक के परिजनों ने एसपी राज पर रात के अंधेरे में उनके घर आकर केस दबाने, मीडिया से दूरी बनाने और बात न मानने पर दूसरे बेटे को मारने की धमकी देने का संगीन आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
Bhojpur SP Raj Controversy : भोजपुर के एसपी मिस्टर राज कौन हैं?
भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 2019 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी हैं मिस्टर राज। फिलहाल, भोजपुर (आरा) जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में पोस्टिंग है। मूल रूप से बिहार के ही रहने वाले मिस्टर राज ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा पास कर आईपीएस बने।
इंजीनियरिंग (B.E.) की डिग्री रखने वाले आईपीएस राज का करियर बेहद शानदार रहा है। भोजपुर का एसपी बनने से पहले वे बक्सर के डुमरांव और मोतिहारी सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के रूप में अपनी कुशल सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें 12 सितंबर 2024 को भोजपुर जिले की कमान सौंपी गई थी।
हाल ही में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले के बाद से एसपी राज काफी सुर्खियों और राजनीतिक विवादों में हैं। भरत के परिजनों की ओर से उन पर जांच दबाने और धमकी देने के संगीन आरोप लगाए गए हैं, हालांकि पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
भरत तिवारी एनकाउंटर पर विवादों में क्यों?
भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी और मां आशा देवी ने आरोप लगाया कि भोजपुर एसपी मिस्टर राज ने रात के अंधेरे में उनके घर पहुंचे थे। परिजनों का दावा है कि एसपी ने उन्हें अकेले में ले जाकर मीडिया से दूरी बनाने, जांच बंद करने और मामले को दबाने का दबाव बनाया। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि बात न मानने पर दूसरे बेटे का भी भरत जैसा अंजाम करने की धमकी दी गई।
बाद में भरत के भाई चंदन ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘उन पर (भोजपुर एसपी मिस्टर राज) कोई भरोसा नहीं है क्योंकि जब जांच बैठाने के बाद हमारे एसपी साहब आकर हमको धमकी दे सकते हैं तो इस जांच पर हम क्यों भरोसा करें? जब भरत तिवारी के भाई से पूछा गया कि भोजपुर के एसपी मिस्टर राज ने क्या कहा? तो उन्होंने बताया कि वो (एसपी) बोले कि ये सब बंद कर दो नहीं तो आपका भी हश्र होगा आपकी भाई (भरत तिवारी एनकाउंटर) की तरह। मार दिया जाएगा आपको भी। परिवार वालों को भी मार दिया जाएगा। ये परसों रात की घटना है, जब रात को 11 बजे हमारे घर पर आए थे तो।’
इस पर भोजपुर पुलिस का जवाब भी आया। पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर आरोपों को पूरी तरह से असत्य, निराधार और तथ्यहीन बताया। पुलिस का कहना है कि एसपी केवल पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाने गए थे। कुछ बाहरी तत्वों के बहकावे में आकर पुलिस की छवि धूमिल करने के लिए ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं। इस मामले में वर्तमान में न्यायिक जांच (Judicial Inquiry) चल रही है।




