Sonu Bihta: भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई।
- हाइलाइट: Sonu Bihta
- ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क चाट में पलटी, चालक की मौत
- पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
- सिकरहटा थाना क्षेत्र के सिकरहटा दरगाह के समीप सोमवार की सुबह घटी घटना
आरा। भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर सिकरहटा स्थित दरगाह के समीप अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर के खाई में पलट जाने से यह दुर्घटना हुई। घटना के उपरांत मौके पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
मृतक की पहचान इमादपुर थाना क्षेत्र के बिहटा गांव के वार्ड संख्या-12 निवासी 36 वर्षीय सोनू कुमार बैठा के रूप में की गई है, जो विजय बैठा के पुत्र थे। मृतक के चचेरे भाई प्रमोद कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार पेशे से ट्रैक्टर चालक थे। वे ट्रैक्टर पर बालू लादकर पीरो क्षेत्र में उसे खाली करने गए थे।
वापसी के दौरान जब वे सिकरहटा दरगाह के समीप पहुंचे, तो विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें चकमा दे दिया। ट्रक के अचानक सामने आने से ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटा। इस भीषण दुर्घटना में सोनू कुमार ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
Sonu Bihta : परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलने पर स्वजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर सिकरहटा थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया।
सोनू कुमार की असामयिक मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोनू दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में अब उनकी वृद्ध मां सुतिया देवी, पत्नी इंदू देवी, दो पुत्रियां सुषमा और आरती तथा एक पुत्र ऋषभ राज हैं। घर के कमाऊ सदस्य के चले जाने से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।




