Shivansh and Ankit Bihiya: घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने उचित मुआवजे तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बिहिया-जगदीशपुर स्टेट हाईवे-102 पर सड़क जाम कर दिया।
- हाइलाइट: Shivansh and Ankit Bihiya
- स्थानीय लोगों का आरोप: विवादित जमीन पर बनी थी दीवार
आरा। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहिया नगर के वार्ड संख्या छह में शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसमें दो मासूम चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और पीड़ित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Shivansh and Ankit Bihiya : घर के पास ही खेल रहे थे दोनों मासूम
घटना के अनुसार, शनिवार सुबह घर के पास ही दो मासूम बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान उनके घर के बगल में स्थित एक जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों बच्चे मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में बच्चों के दादा भी घायल हो गए। मृतकों की पहचान वार्ड संख्या छह निवासी साजन रजक के तीन वर्षीय पुत्र शिवांश कुमार और राहुल रजक के ढाई वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में की गई है।
अंकित अपने माता-पिता की इकलौती संतान
शिवांश चार भाइयों में तीसरे नंबर का था, वहीं अंकित अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। इस घटना से दो परिवारों के चिराग बुझ गए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे को हटाया और बच्चों को बाहर निकाला। दुर्भाग्यवश, शिवांश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंकित को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, बच्चों के दादा छोटक रजक का उपचार चल रहा है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
इस दुखद घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
दूसरी ओर, इस दर्दनाक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर डाक-बंगला चौक के समीप बिहिया-पीरो स्टेट हाईवे को जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारी सड़क पर टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।







