Homeआरा भोजपुरबिहियाराजेश यादव हत्याकांड के आरोपी ने कहा: मैं नहीं मारता, तो वो...

राजेश यादव हत्याकांड के आरोपी ने कहा: मैं नहीं मारता, तो वो मुझे मार देता

Rajesh Yadav murder: योगेंद्र यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा हो सके।

  • हाईलाइट: Rajesh Yadav murder
  • भोजपुर में राजेश यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
  • पुलिस की पूछताछ में कबूला जुर्म, अन्य पहलुओं की गहनता से जांच

ARA: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में 12 जुलाई 2026 को हुई राजेश यादव की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहिया थाना पुलिस ने टिपुरा गांव के समीप दिनदहाड़े अंजाम दी गई इस वारदात के मुख्य नामजद आरोपी योगेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

भोजपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा रविवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार योगेंद्र यादव बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव का ही निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह हत्या के अलावा गोलीबारी के अन्य मामलों में भी वांछित था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि राजेश यादव के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा था। आरोपी ने तर्क दिया कि यदि वह राजेश यादव की हत्या नहीं करता, तो राजेश उसे मार देता। अपनी सुरक्षा और बदले की भावना के तहत उसने इस घटना को अंजाम दिया।

Rajesh Yadav murder : बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव हुई थी घटना

गौरतलब है कि 12 जुलाई 2026 को बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव के निकट जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध निवासी हिस्ट्रीशीटर राजेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों ने बिहिया-जगदीशपुर स्टेट हाईवे को जाम कर दिया था और काफी हंगामा किया था।

इस मामले में मृतक के परिजन के बयान पर बिहिया नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद सचिन कुमार गुप्ता और योगेंद्र यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस लगातार इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शेष आरोपियों को भी जल्द ही कानून के दायरे में लाया जाएगा। योगेंद्र यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा हो सके।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular