Homeबिहारआराआरा नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति की बैठक सम्पन्न

आरा नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति की बैठक सम्पन्न

3D Ara: आरा नगर निगम कार्यालय में सोमवार को सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता नगर निगम की महापौर इंदु देवी ने की।

  • हाइलाइट: 3D Ara
  • शहर के विकास एवं जनसुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय
  • तलाब-पोखर व कुआं के सौंदर्यीकरण से लेकर अतिरिक्त दो हजार लाइट लगाने की योजना

आरा। नगर निगम कार्यालय में सोमवार को सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता नगर निगम की महापौर इंदु देवी ने की। बैठक शुरू होने से पूर्व महापौर इंदु देवी ने सशक्त स्थायी समिति के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि की गई। बैठक में विशेष रूप से शहर की सफाई व्यवस्था, स्वच्छता, जनसुविधाओं तथा नगर निगम क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

महापौर इंदु देवी ने शहर के सभी तालाब, पोखर एवं कुओं का सौंदर्यीकरण करने, नगर निगम द्वारा पानी के टैंकरों की खरीदारी करने का सुझाव दिया, ताकि आवश्यकता के समय शहरवासियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। वही शहर में एलईडी स्क्रीन लगाने हेतु जो पूर्व में सशक्त स्थायी समिति में पास हुआ था, उसे जल्द लगाने का निर्णय लिया गया।

गांगी शवदाह गृह में विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखने के लिए जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी, ताकि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी शवदाह गृह में विद्युत आपूर्ति जारी रहे। पूर्व में हुए 5000 लाइटों के निविदा के अतिरिक्त शहर में 2000 और नई लाइटें लगाई जाएंगी। पूर्वी ओवरब्रिज पर नया तिरंगा लाइट लगाने का निर्णय लिया गया तथा उस पोल पर लगे एलईडी लाइट का रिपेयरिंग कराया जाएगा यह निर्णय लिया गया, जिससे शहर का प्रमुख प्रवेश मार्ग और अधिक आकर्षक एवं सुंदर बनाया जा सके।

रमना मैदान में बंद पड़े शौचालय को चालू एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। शहर में खराब पड़े सभी सीसीटीवी कैमरों की मरम्मती कराई जाएगी, ताकि निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके। पूर्व से लंबित योजनाओं की जांच कराकर नियमानुसार पुनः निविदा के माध्यम से कार्य कराया जाएगा। इसके अलावे शहर के विकास के लिए महापौर तथा सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों द्वारा दी गई योजनाओं को सर्वसम्मति से पास किया गया।

3D Ara: पटना की तर्ज पर आरा में होगी 3D वॉल पेंटिंग

बैठक में नगर आयुक्त अंजू कुमारी ने बताया कि पटना की तर्ज पर आरा शहर की दीवारों पर 3D पेंटिंग कराई जाएगी, जिससे शहर की सुंदरता और आकर्षण को बढ़ाया जा सके। वहीं, अंबेडकर कॉलोनी में अवैध रूप से रह रहे लोगों की जांच कराने की बात भी नगर आयुक्त द्वारा बताई गई।सशक्त स्थायी समिति के सदस्य एवं वार्ड नंबर 40 के पार्षद राजीव कुमार उर्फ गुड्डू द्वारा जवाहर टोला में सामुदायिक शौचालय के जीर्णोद्धार एवं निर्माण हेतु प्रस्ताव दिया गया।

बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में नगर आयुक्त अंजू कुमारी, अपर नगर आयुक्त जमाल अख्तर अंसारी, सफाई प्रभारी दिव्या विकास एवं विकास कुमार, कार्यपालक अभियंता श्री अशोक कुमार सिंह, सहायक अभियंता चितरंजन पांडे एवं सुनील रविदास सहित सशक्त स्थाई समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

सशक्त स्थायी समिति के उपस्थित सदस्यों में वार्ड नंबर-5 के पार्षद रंजीत सिंह, वार्ड नंबर-7 के पार्षद जीतू चौरसिया, वार्ड नंबर-17 के पार्षद भानु दुबे, वार्ड नंबर-20 की पार्षद राखी कुमारी, वार्ड नंबर-21 के पार्षद डॉ. जितेंद्र कुमार, वार्ड नंबर-25 के पार्षद जाकिर हुसैन एवं वार्ड नंबर-40 के पार्षद राजीव कुमार उर्फ गुड्डू शामिल रहे। सभी सशक्त कमेटी के सदस्यों ने सभी बातों पर अपनी सहमति बनाई। धन्यवाद ज्ञापन महापौर इंदु देवी ने की।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के आरा निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। डॉ. कृष्ण कुमार हिन्दी समाचार खबरें आपकी के संपादक एवं न्यूज पोर्टल वेबसाईट के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular