DM Manesh Kumar Meena: ईज ऑफ लिविंग के तहत जिला जनता दरबार में 20 से अधिक आवेदकों की सुनी गई समस्याएँ, जिला पदाधिकारी ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश
- हाइलाइट: DM Manesh Kumar Meena
- लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए शीघ्र निस्तारण की कार्रवाई की जाए: डीएम
आरा। जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा द्वारा शुक्रवार को ईज ऑफ लिविंग के अंतर्गत जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में 20 से अधिक आवेदकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें मुख्य रूप से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, सड़क, भूमि एवं अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल थे।
जिला पदाधिकारी महोदय ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का परिणामोन्मुख एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए शीघ्र निस्तारण की कार्रवाई की जाए, ताकि आमजनों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा उन्हें आवश्यक सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जवाबदेही, पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

