Ara News: सौ ग्राम के सोने का एक बिस्कुट के अलावे 12 किलो गांजा, पिस्टल का एक मैगजीन भी बरामद
- हाइलाइट: Ara News
- नगर थाना क्षेत्र के इब्राहिम नगर और शिवगंज से पकड़े गए तीनों तस्कर
- सोने के बिस्कुट और नगदी की जांच कर रही पुलिस, खंगाले जा रहे तस्करी के नेटवर्क
आरा। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के दौरान नगर थाने की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा, सोने का बिस्कुट, बड़ी नगदी और पिस्टल की एक मैगजीन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर शुक्रवार की शाम नगर थाना क्षेत्र के इब्राहिम नगर-धरहरा और शिवगंज इलाके से तीनों को गिरफ्तार किया गया है।
इनके पास से 12 किलो 535 ग्राम गांजा, 99.95 ग्राम के सोने का एक बिस्कुट, दस लाख 52 हजार रुपए नगद, पिस्टल का एक मैगजीन और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तस्करों में इब्राहिम नगर निवासी अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू, शिवगंज निवासी अभिषेक कुमार सोनू और राहुल पटेल उर्फ गुड्डू शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी से गांजे और सोने की तस्करी के साथ अवैध हथियार के कनेक्शन का भी खुलासा हुआ है।
फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और अवैध हथियार के कनेक्शन को खंगाल रही है। पुलिस की जांच में यह बात सामने आयी है कि गांजा तस्करी के पैसे से सोने का सौ ग्राम का बिस्कुट खरीदा गया था।
Ara News : मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार ने दी जानकारी
मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार ने शनिवार को नगर थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को धरहरा-इब्राहिम नगर मोहल्ले में स्थित एक स्टेशनरी दुकान में मादक पदार्थों की खरीद बिक्री किये जाने की सूचना मिली थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में टीम तत्काल इब्राहिमनगर-धरहरा पहुंची और स्टेशनरी दुकान में छापेमारी कर करीब 360 ग्राम गांजा, दस हजार नगद और दो मोबाइल बरामद किया गया।
उसके बाद अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर शिवगंज मोहल्ले में छापेमारी कर अभिषेक कुमार सोनू और राहुल पटेल उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से करीब साढ़े 12 किलो गांजा, सोने का बिस्कुट और दस लाख 42 हजार रुपए बरामद किए गए।
इस मामले में तीनों के खिलाफ नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर बिस्कुट, गांजा और मैगजीन की जानकारी जुटा रही है। तीनों का इतिहास भी खंगाले जा रहे हैं।

