Narayanpur Dance Party: ग्रामीणों ने आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया; दो देसी कट्टे और दो बाइक बरामद, एक विधि-विरुद्ध बालक भी निरुद्ध
- हाइलाइट: Narayanpur Dance Party
- अनबन के बाद दूसरी डांस पार्टी में काम करने लगी थी डांसर
- युवती पहले गिरफ्तार आरोपितों की डांस पार्टी में काम करती थी
आरा/जगदीशपुर। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर गांव में मंगलवार को डांस पार्टी के संचालक के घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और वहां काम करने वाली एक डांसर के साथ कथित रूप से छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तोड़फोड़ करने वाले लोगों को घेर लिया और उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने सभी को पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने पर जगदीशपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो देसी कट्टे और दो बाइक बरामद की हैं। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्रेस नोट जारी कर दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के बासेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलावलपुर अफगा गांव निवासी विंध्याचल कुशवाहा के पुत्र नागेंद्र मौर्य उर्फ नागेंद्र मारकम तथा बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया गांव निवासी रंजन लाल श्रीवास्तव के पुत्र मयंक श्रीवास्तव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, निरुद्ध किया गया विधि-विरुद्ध बालक भी उसी गांव का रहने वाला है।
Narayanpur Dance Party: अनबन के बाद दूसरी डांस पार्टी में काम करने लगी थी डांसर
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी रामेश्वर सिंह डांस पार्टी का संचालन करते हैं। उनकी शादी छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक महिला से हुई है। पुलिस के मुताबिक, रामेश्वर सिंह की पत्नी के गांव की ही रहने वाली एक युवती पहले गिरफ्तार आरोपित नागेंद्र मौर्य उर्फ नागेंद्र मारकम की डांस पार्टी में काम करती थी।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान युवती की नागेंद्र मौर्य से किसी बात को लेकर अनबन हो गई। इसके बाद युवती ने उसकी डांस पार्टी में काम छोड़ दिया और अपने ही गांव की रहने वाली महिला के पति रामेश्वर सिंह की डांस पार्टी में काम करने लगी। वह काम के सिलसिले में जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में आकर रहने लगी थी।
युवती के रामेश्वर सिंह की डांस पार्टी में काम करने की जानकारी नागेंद्र मौर्य को हुई। इसके बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ नारायणपुर गांव पहुंचा और रामेश्वर सिंह के घर में घुसकर कथित तौर पर तोड़फोड़ करने लगा। इसी दौरान डांस पार्टी में काम करने वाली युवती के साथ छेड़खानी किए जाने का भी आरोप है।
ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ा
तोड़फोड़ और छेड़खानी की घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने नागेंद्र मौर्य और उसके साथियों को घेर लिया तथा उन्हें पकड़कर पुलिस को सूचना दी। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा आरोपितों की पिटाई किए जाने की बात भी सामने आई है। सूचना मिलने के बाद जगदीशपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मौके पर और आरोपितों की तलाशी के दौरान दो देसी कट्टे बरामद किए। इसके अलावा, दो बाइक भी पुलिस ने जब्त की हैं। बरामद हथियारों और वाहनों को जांच के लिए पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
छेड़खानी और आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी
इस मामले में जगदीशपुर थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ छेड़खानी और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, हथियारों के स्रोत और तोड़फोड़ की पूरी परिस्थितियों की जानकारी के लिए गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

