Kosadihara: भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के कोसडीहरा गांव के बधार में ठनका गिरने से किसान राज बिहारी सिंह की मौत हो गई। हादसे में महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।
- हाइलाइट:
- जख्मी दोनों की हालत गंभीर, सदर अस्पताल में कराया जा रहा इलाज
संदेश/आरा। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के कोसडीहरा गांव के बधार में बुधवार की सुबह ठनका गिरने से एक किसान की मौत हो गई। हादसे में महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल से सदर अस्पताल लाया गया है।
Kosadihara : मृतक संदेश थाना क्षेत्र के कोसडीहरा वार्ड नंबर-3 निवासी
जानकारी के अनुसार मृतक संदेश थाना क्षेत्र के कोसडीहरा वार्ड नंबर-3 निवासी राम अयोध्या सिंह के 41 वर्षीय पुत्र राज बिहारी सिंह है। वह पेशे से किसान थे और मालगुजारी पर खेती करते थे। ठनका गिरने के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान कोसडीहरा गांव निवासी स्व. राम मोहन सिंह के 50 वर्षीय पुत्र रामगति सिंह और इसी गांव के निवासी विजय सिंह की 40 वर्षीया पत्नी मंजू देवी के रूप में हुई है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।

