Homeबिहारआराआरा के बाबू बाजार में कीचड़ के बीच धरना, सड़क की बदहाली...

आरा के बाबू बाजार में कीचड़ के बीच धरना, सड़क की बदहाली पर लोगों का आक्रोश; नगर निगम ने शुरू की वैकल्पिक व्यवस्था

Ara ke Babu Bazar: आरा के बाबू बाजार में जर्जर सड़क, कीचड़ और जलजमाव से परेशान स्थानीय लोगों ने शनिवार को सड़क पर बैठकर धरना दिया। नगर निगम ने शुरू की वैकल्पिक व्यवस्था

indane- shahpur
Shadow

हाइलाइट: Ara ke Babu Bazar
कीचड़ और गड्ढों से परेशान स्थानीय लोग सड़क पर बैठकर धरने पर उतरे।
जिला पार्षद धनंजय यादव ने दो दिनों में समाधान नहीं होने पर सड़क जाम की चेतावनी दी।
नगर निगम ने कीचड़ वाले हिस्से से मिट्टी हटाकर वैकल्पिक व्यवस्था का काम शुरू किया।

आरा। शहर के बाबू बाजार की बदहाल सड़क, जलजमाव और कीचड़ से परेशान स्थानीय लोगों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। शनिवार को मोहल्लेवासी और दुकानदार सड़क पर कीचड़ के बीच बैठकर धरना देने लगे। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है, लेकिन शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।

बाबू बाजार रोड पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ फैला हुआ है। पैदल राहगीरों के साथ-साथ साइकिल और बाइक सवारों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जरा सी चूक होने पर लोगों के कीचड़ में गिरने के साथ घायल होने का खतरा बना रहता है। सड़क की बदहाली के कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों, स्कूली बच्चों और मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

Ara ke Babu Bazar: शिक्षा और स्वास्थ्य का प्रमुख केंद्र

जिला पार्षद धनंजय यादव ने बाबू बाजार रोड की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह क्षेत्र शिक्षा और वाणिज्य का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां तीन स्कूल, एक महिला कॉलेज, कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान और प्रसिद्ध चिकित्सकों के क्लीनिक हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए, तब जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबू कुँवर सिंह के नाम से जुड़े होने के कारण प्रसिद्ध बाबू बाजार की अपनी गरिमा है और बुनियादी सुविधाओं को बनाए रखना नगर निगम, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

सोमवार को सड़क जाम की चेतावनी

धरना के दौरान जिला पार्षद धनंजय यादव ने कहा कि शनिवार और रविवार के भीतर यदि समस्या का त्वरित और स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो सोमवार को महिला कॉलेज के पास रमना मैदान के चबूतरा मोड़ पर सड़क जाम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं और किसी भी प्रकार के दबाव से पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि, लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा कीचड़ सने मिट्टी को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

आरसीडी की सड़क होने का दावा

वही धरना स्थल पर पहुंचे वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संतोष पांडे ने बताया कि बाबू बाजार की सड़क नगर निगम की नहीं, बल्कि आरसीडी के अंतर्गत आती है। उन्होंने कहा कि आरसीडी की ओर से सड़क निर्माण को लेकर प्रस्ताव बुडको को भेजा गया है।

उनके अनुसार, सड़क की ऑनलाइन और जीपीएस के माध्यम से मापी भी कराई गई है। मापी के दौरान महादेव रोड की ओर सड़क की चौड़ाई करीब 12 फीट सामने आई। इसी आधार पर 12 फीट चौड़ी सड़क का प्राक्कलन तैयार किया गया है।

वही, स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से धरातल पर काम चाहिए, क्योंकि रोजाना कीचड़ और गड्ढों से गुजरना उनके लिए मुश्किल हो गया है।

नगर निगम ने शुरू की वैकल्पिक व्यवस्था

लगातार चार दिनों से चल रहे आंदोलन और शनिवार को कीचड़ में बैठकर दिए गए धरने के बाद नगर निगम की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था का काम शुरू किया गया। नगर निगम कर्मियों ने सड़क के कीचड़ वाले हिस्से से मिट्टी हटाने का कार्य शुरू किया।

फिलहाल नगर निगम की ओर से अस्थायी राहत देने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, स्थानीय लोगों की मुख्य मांग सड़क और जलनिकासी व्यवस्था का स्थायी समाधान है।

ranjna
Shadow
ख़बरे आपकी
ख़बरे आपकी
Khabreapki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
jay kumar (1)

Most Popular