Homeबिहारआरादो लाख के इनामी आरा का कुख्यात अपराधी सलीम मियां उर्फ मुन्ना...

दो लाख के इनामी आरा का कुख्यात अपराधी सलीम मियां उर्फ मुन्ना मियां गिरफ्तार

Salim Miyan Ara: आरा टाउन थाना क्षेत्र के धरहरा मोहल्ला निवासी सलीम मियां पिछले चार वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।

Banti Pandey
  • हाइलाइट: Salim Miyan Ara
  • वर्ष 2023 में उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था

आरा। भोजपुर पुलिस और पटना एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने सीरियल हत्याओं में वांछित दो लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी सलीम मियां उर्फ मुन्ना मियां को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी कायमनगर-धरहरा पुल के समीप से की गई।

Salim Miyan Ara: हत्या, रंगदारी समेत कुल सात गंभीर मामले

आरा टाउन थाना क्षेत्र के धरहरा मोहल्ला निवासी सलीम मियां पिछले चार वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। भोजपुर एसपी राज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, रंगदारी समेत कुल सात गंभीर मामले दर्ज हैं। उसके बढ़ते आपराधिक ग्राफ को देखते हुए वर्ष 2023 में उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पटना एसटीएफ की टीम लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और लगातार उसका पीछा कर रही थी।

आरा के व्यवसायी सलील प्रसून जैन की हत्या में आया था उसका नाम

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सलीम मियां कई चर्चित हत्याकांडों का मुख्य आरोपी है। दो जून 2022 को आरा टाउन थाना क्षेत्र के जेल रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स व्यवसायी सलील प्रसून जैन की हत्या में उसका नाम प्रमुखता से सामने आया था। इस मामले में संपत्ति और पारिवारिक विवाद के चलते सुपारी देकर हत्या कराए जाने का खुलासा हुआ था। इसी प्रकार, 11 नवंबर 2022 को पूर्व पार्षद महेंद्र प्रसाद के पुत्र शशिकांत सिंह उर्फ विक्की गीधा की आरा-पटना राजमार्ग पर हुई हत्या के मामले में भी वह वांछित था। इन दोनों ही मामलों में सुपारी किलिंग के तार जुड़े थे, जिसके बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा

अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए सलीम मियां ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता को अपना ठिकाना बना लिया था। पटना एसटीएफ को उसके हावड़ा में छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही वह वहां से फरार हो गया। हालांकि, पटना के रास्ते कोईलवर होते हुए आरा वापसी के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल और पांच कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

सलीम के पिता नईम मियां का भी रहा है आपराधिक इतिहास

गिरफ्तारी से ठीक पहले सलीम मियां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने आत्मसमर्पण करने का दावा किया था और पुलिस पर अपने पिता नईम मियां को पकड़ने का आरोप लगाया था। ज्ञात हो कि सलीम के पिता नईम मियां का भी आपराधिक इतिहास रहा है और उन पर भी पूर्व में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सलीम मियां पर पहले 50 हजार रुपये का इनाम था, जिसे उसकी आपराधिक सक्रियता को देखते हुए बाद में बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दिया गया था। इस कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी भोजपुर पुलिस और एसटीएफ के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular