- हाइलाइट्स: Ayar
- सीएसपी संचालक से हथियार के बल पर सरेराह दो लाख की लूट, मोबाइल भी ले भागे अपराधी
- आयर थाना क्षेत्र के असुधन-सुल्तानपुर गांव के बीच की सोमवार की वारदात
- आरा से सीएसपी जाने के दौरान अपराधियों ने रास्ते में लूट की घटना को दिया अंजाम
- बाइक सवार तीन अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम, दो ने पहन रखी थी नकाब
- सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों की पहचान और धरपकड़ में जुटी पुलिस
- एसपी बोले: गिरफ्तारी को टीम गठित कर की जा रही छापेमारी, जल्द पकड़े जायेंगे अपराधी
आरा/जगदीशपुर। भोजपुर के आयर थाना (Ayar) क्षेत्र के सुल्तानपुर और असुधन गांव के बीच अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर एक सीएसपी संचालक से दो लाख रुपए लूट लिया गया। अपराधी सीएसपी संचालक का मोबाइल और बाइक की चाबी भी ले भागे। घटना सोमवार की सुबह करीब 11 बजे की है। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी इचरी गांव की ओर भाग निकले। अपराधियों की संख्या तीन थी, जिसमें दो के चेहरे पूरी तरह ढके हुए थे। लूट की यह घटना आयर थाना क्षेत्र के बरनाव गांव निवासी सीएसपी संचालक राजेश कुमार के साथ हुई है। आरा में रहने वाले राजेश कुमार सुल्तानपुर गांव में मध्य ग्रामीण बैंक की सीएसपी चलाते हैं।
Ayar – अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर टीम गठित
इधर, दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से दिनदहाड़े लूट की घटना से इलाके में सनसनी मच गयी। सूचना मिलते एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा के साथ ही आयर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे और अपराधियों की पहचान करते हुए धरपकड़ का प्रयास शुरू कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक राज ने बताया कि घर से सीएसपी जाने के दौरान संचालक से रास्ते में अपराधियों द्वारा दो लाख रुपए नगद और मोबाइल की लूट की गयी है। अपराधियों की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है। उसमें सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य की मदद ली जा रही है। एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित की गयी है। डीआईयू की टीम भी लगी है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी।
बताया जा रहा है कि सीएसपी संचालक राजेश कुमार आरा में रहते हैं। उन्होंने सीएसपी के लिए शुक्रवार को आरा के अनाइठ स्थित एक बैंक से दो लाख रुपए की निकासी की थी। शनिवार और रविवार को बैंक की बंदी होने के कारण वे सोमवार की सुबह 11 बजे बजे सुल्तानपुर स्थित अपने सीएसपी जा रहे थे। इसी बीच सुल्तानपुर और असुधन गांव के बाद उजाले रंग की अपाची बाइक सवार तीन अपराधियों ने रोक लिया और कनपटी पर हथियार भिड़ा दिए। उसके बाद संचालक से पैसे से भरा बैग, मोबाइल और बाइक की चाबी छीन ली।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी इचरी की ओर भाग निकले। सीएसपी संचालक के अनुसार अपराधियों में दो ने नकाब पहन रखा था, जबकि एक का चेहरा पुरी तरह ढका हुआ था। इधर, लूट की घटना के बाद पुलिस लुटेरों की पहचान एवं गिरफ्तारी को लेकर सीएसपी संचालक के साथ असुधन, इचरी, हरिगांव, असुधन और सुलतानपुर सहित अन्य जगहों पर सीसीटीवी फुटेज से साक्ष्य इक्कठा करने में जुटी हुई है।











