B Company: रामपुर सनदिया गांव में जमीन विवाद मामले के आरोपितों में बी. कंपनी और ध्रुव ब्रांड के सदस्यों के अलावे शहर के कुछ चर्चित ठेकेदार भी शामिल हैं।
- हाइलाइट: B Company
- मारपीट और गोलीबारी मामले में आरोपित गिरफ्तार, अब तक सात भेजे गए जेल
- मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रामापुर सनदिया गांव में बुधवार को हुई थी वारदात
- वर्चस्व और जमीन पर कब्जा करने को लेकर दो पक्षों ने की थी गोलीबारी
आरा। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामापुर सनदिया गांव में जमीन पर कब्जा करने को लेकर उपजे विवाद मारपीट और गोलीबारी के मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से जगतपुर पकड़ी गांव निवासी रामदेव यादव का पुत्र राहुल यादव उर्फ शुभम यादव है। वर्तमान में नगर थाने के बिंद टोली मोहल्ले में रहता है।
राहुल यादव उर्फ शुभम यादव कांड का अप्राथमिकी अभियुक्त बताया जा रहा है। पुलिस की अनुसंधान में इसका नाम गोलीबारी करने में आया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव के नेतृत्व में उसे बिंद टोली से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पुलिस द्वारा अबतक सात आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बता दें कि बुधवार को रामपुर सनदिया गांव में जमीन पर कब्जा करने के विवाद में दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए थे। उस दौरान जमकर मारपीट और गोलीबारी की गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को भी धमकी दी गई थी। उस मामले में पुलिस के बयान पर दोनों पक्षों के 36 नामजद और 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपितों में बी. कंपनी और ध्रुव ब्रांड के सदस्यों के अलावे शहर के कुछ चर्चित ठेकेदार भी शामिल हैं।

