Homeआरा भोजपुरशाहपुरबनाही में भीषण अग्निकांड 500 बीघा गेहूं की फसल राख

बनाही में भीषण अग्निकांड 500 बीघा गेहूं की फसल राख

Banahi Fire Incident: शाहपुर थाना क्षेत्र के बनाही गांव के बाधार में शुक्रवार की दोपहर भीषण अग्निकांड ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।

jay kumar
  • हाइलाइट: Banahi Fire Incident
  • आंखों के सामने जली मेहनत: 50 से अधिक किसानों की फसल राख
  • दमकल पहुंचने से पहले तबाही बनाही में भीषण आग से भारी नुकसान

आरा, भोजपुर। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बनाही गांव के बाधार में शुक्रवार की दोपहर भीषण अग्निकांड ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। दोपहर करीब बारह बजे अचानक शुरू हुई इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों किसानों की खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना से बनाही, दुबौल और बनकट गांव के 50 से 60 किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस आग का मुख्य कारण खेतों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों में हुआ शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि वे नियंत्रण से बाहर हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना अध्यक्ष राजेश मालाकार ने तत्काल अग्निशमन वाहन को मौके पर भेजा, लेकिन आग की भीषणता और हवा की गति के आगे वह नाकाफी साबित हुआ।

Banahi Fire Incident: दमकल की बड़ी गाड़ियां पहुंचीं

स्थानीय ग्रामीण पूरी तत्परता के साथ बाल्टियों, पंपसेट और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से आग बुझाने के प्रयास में जुटे रहे, परंतु सफलता नहीं मिल सकी। लगभग तीन घंटे के संघर्ष के बाद जगदीशपुर से दमकल की बड़ी गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। तब तक करीब पांच सौ बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह खाक हो चुकी थी। दमकल की चार गाड़ियों की मदद से अंततः आग पर काबू पाया गया।

स्थानीय किसान मुन्ना तिवारी ने बताया कि मेहनत की कमाई पल भर में राख हो गई है। प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से तत्काल उचित मुआवजे की मांग की है ताकि उन्हें इस बड़े आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिल सके। बिहिया अंचल के आरओ राधेश्याम चौधरी ने भी नुकसान की पुष्टि करते हुए कहा कि आग से बनाही, दुबौल और बनकट गांव के किसानों की बड़े पैमाने पर फसल नष्ट हुई है।

Bijay singh
ख़बरे आपकी
ख़बरे आपकी
Khabreapki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular