MISSING MOBILE: चोरी और गायब मोबाइल बरामद कर 56 लोगों को भोजपुर पुलिस की ओर से ऑपरेशन मुस्कान का तोहफा दिया गया।
- हाइलाइट : MISSING MOBILE
- भोजपुर पुलिस ने किया 56 लोगों का चोरी और गायब मोबाइल बरामद
- सबसे ज्यादा कारनामेंपुर थाना अंतर्गत 14 मोबाइल रिकवरी किया गया
आरा: चोरी और गायब मोबाइल बरामद कर 56 लोगों को भोजपुर पुलिस की ओर से ऑपरेशन मुस्कान का तोहफा दिया गया। चोरी गयी दो बाइक भी बरामद कर ली गयी है। पुलिस ऑफिस में शुक्रवार की दोपहर एसपी प्रमोद कुमार यादव ने असली मोबाइल धारकों को उनका मोबाइल और बाइक सौंप दी। सभी मोबाइल पिछले एक सप्ताह के अंदर बरामद किये गये हैं। पुलिस ने इन बरामद मोबाइल की कीमत 16 लाख 80 हजार रुपये बतायी है।
काफी दिनों से गायब मोबाइल मिलने से लोगों के चेहरे पर मुस्कान छा गयी। मोबाइल मिलने से गदगद लोगों ने एसपी और उनकी टीम में शामिल तमाम पुलिसकर्मियों को धन्यवाद भी दिया। मोबाइलधारकों की ओर से पुलिस के इस अभियान की काफी प्रशंसा की गयी।
बताते चलें कि ऑपरेशन मुस्कान को तहत भोजपुर पुलिस की ओर से अब तक करीब साढ़े छह सौ से अधिक मोबाइल की बरामदगी की जा चुकी है। एसपी ने कहा कि आए दिन मोबाइल की चोरी, गुम होने, लूट और छिनतई की घटनाएं हो रही हैं। अपराधियों की ओर से ऐसे मोबाइल का इस्तेमाल भी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में किया जा रहा है। ऐसे में ऑपरेशन मुस्कान के तहत विशेष टीम का गठित कर चोरी व गुम मोबाइल की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
विशेष टीम की ओर से सर्विलांस के जरिए तकनीकी मदद एवं संबंधित थाने के सहयोग से मोबाइल की बरामदगी की जाती है। उसी कड़ी में इस बार टीम द्वारा एक सप्ताह में विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी और गुम गये 56 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किये गये। वहीं नगर और चौरी थाना इलाके से चोरी गयी दो बाइक भी बरामद की गयी है। इसके बाद असली धारकों को उनके मोबाइल सौंप दिये गये।
पढ़ें : भोजपुर में चोरी की 25 बाइक मिली, एसपी ने ऑनर को सौंपी
अभियान लगातार चलता रहेगा। उन्होंने बताया कि आगे बरामद मोबाइल थाना स्तर पर ही हर महीने के एक, 11 और 21 तारीख को धारकों को दिये जायेंगे। गौरतलब हो कि 15 अगस्त, 2021 यानी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तत्कालीन एसपी की ओर से इस अभियान की शुरुआत की गयी थी। इसके बाद से फेजवाइज मोबाइल की बरामदगी की जा रही है






