Homeआरा भोजपुरबिहियाबिहिया मीट मार्केट विवाद: दुकानदारों ने 6 अक्टूबर को धरने का किया...

बिहिया मीट मार्केट विवाद: दुकानदारों ने 6 अक्टूबर को धरने का किया ऐलान

डुमरांव महाराज की ओर से मीट, मछली और मुर्गा कारोबार के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई थी।

Bihiya meat market: बिहिया में मीट, मछली और मुर्गा विक्रेताओं ने लाइसेंस नवीकरण और मीट मार्केट खाली कराने के विरोध में 6 अक्टूबर को प्रखंड मुख्यालय पर धरना देने की घोषणा की।

हाइलाइट्स:Bihiya meat market
संघ का दावा, 26 दुकानदारों के पास वर्तमान में लाइसेंस है।
नगर पंचायत बोर्ड में नए मीट मार्केट निर्माण का प्रस्ताव पारित।

Bijay Kumar singh
Bijay Kumar singh (1)
Shadow

बिहिया, भोजपुर: बिहिया नगर के मीट, मछली और मुर्गा विक्रेताओं ने लाइसेंस का नवीकरण नहीं किए जाने और मीट मार्केट को खाली कराने के कथित प्रयास के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया है। मीट, मुर्गा और मछली विक्रेता संघ के अध्यक्ष सह लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष श्याम कुमार मुन्नू ने बिहिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर 6 अक्टूबर को प्रखंड मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना देने की सूचना दी है।

संघ के अध्यक्ष के अनुसार, नगर पंचायत बिहिया के कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से मीट, मछली और मुर्गा विक्रेताओं को नोटिस जारी कर डुमरांव महाराज की ओर से दी गई जमीन खाली करने और लाइसेंस का नवीकरण नहीं कराने का निर्देश दिया गया है। इसी के विरोध में दुकानदारों ने धरना देने का निर्णय लिया है।

Bihiya meat market: 26 दुकानदारों के पास लाइसेंस होने का दावा

Bihiya meat market dispute: Shopkeepers announce sit-in protest for October 6.

दुकानदारों की ओर से पूर्व में जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि बिहिया बाजार में खाता संख्या 912, खेसरा संख्या 321 और रकबा तीन डिसमिल भूमि डुमरांव महाराज की ओर से मीट, मछली और मुर्गा कारोबार के लिए उपलब्ध कराई गई थी। दुकानदारों के अनुसार, नगर पंचायत के गठन के बाद उन्हें कारोबार के लिए लाइसेंस जारी किए गए। संघ का दावा है कि वर्तमान में 26 दुकानदारों के पास लाइसेंस मौजूद हैं।

आवेदन में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी पर लाइसेंस नवीकरण के नाम पर प्रति दुकानदार राशि मांगने और प्रतिदिन 25 रुपये शुल्क वसूलने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। दुकानदारों का कहना है कि इसी कारोबार से उनके परिवारों की आजीविका चलती है।

संघ ने प्रशासन से मीट मार्केट के लिए नए भवन का निर्माण कराने, दुकानदारों के लाइसेंस का नवीकरण करने और पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो दुकानदार चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।

जर्जर शेड से हादसे की आशंका

बिहिया नगर स्थित मीट मार्केट का दशकों पुराना शेड जर्जर स्थिति में है। दुकानदारों का कहना है कि शेड कभी भी गिर सकता है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। उनका कहना है कि पुराने शेड के स्थान पर नए भवन का निर्माण कराया जाए और उन्हें वैध लाइसेंस जारी किए जाएं, ताकि वे अपना पुश्तैनी कारोबार सुरक्षित तरीके से जारी रख सकें।

क्या कहते हैं अधिकारी

नगर पंचायत बिहिया के कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार ने बताया कि पैसे मांगने या वसूली किए जाने का आरोप बिल्कुल बेबुनियाद और मनगढ़ंत है। उन्होंने कहा कि मीट मार्केट को नई संरचना के अनुसार विकसित करने और वहां शौचालय का निर्माण कराने का प्रस्ताव नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में पारित किया जा चुका है।

कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि मीट और मछली विक्रेताओं की ओर से लाइसेंस बनवाने या नवीकरण कराने के लिए अब तक नगर पंचायत कार्यालय में कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ranjna
Shadow
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
jay kumar (1)

Most Popular