Saturday, December 13, 2025
No menu items!
Homeआरा भोजपुरअगिआंवचंवरिया दोहरा हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के करीब पहुंच गई पुलिस

चंवरिया दोहरा हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के करीब पहुंच गई पुलिस

भोजपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चवरिया दोहरे हत्याकांड में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

Chanvariya Double Murder: भोजपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चवरिया दोहरे हत्याकांड में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

  • हाइलाइट : Chanvariya Double Murder
    • सहार और नारायणपुर थाने की सीमा से पकड़ा गया हत्या का आरोपित
    • आरोपित के बयान का सत्यापन और अन्य की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
    • नारायणपुर थाने के चवरिया के पास 14 अक्टूबर को मिला था दोनों शव

Chanvariya Double Murder आरा/अगिआंव: भोजपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चवरिया दोहरे हत्याकांड में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। वह सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव के निवासी सुदर्शन सिंह का पुत्र सुशील कुमार है। पुलिस उससे पूछताछ के जरिए हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के करीब पहुंच गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार सुशील कुमार की ओर से बताया गया कि मामूली विवाद में एकवारी गांव में एक टेंट संचालक की पिटाई के विरोध में दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की गयी थी। गंभीर हाल में दोनों को पानी में फेंक दिया गया था। इसमें दोनों की मौत हो गयी। मारपीट में उसी गांव के सात-आठ लड़के शामिल थे।

हालांकि पुलिस उसके बयान के सत्यापन और घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी है। पुलिस का मानना है कि उसके बाद ही दोहरे हत्याकांड का राज खुल सकेगा। पुलिस की मानें तो गिरफ्तार सुशील कुमार की ओर से पूछताछ में बताया गया कि 12 अक्टूबर को दोनों दोस्तों ने अपने एक मित्र के साथ एकवारी गांव में मामूली विवाद में एक टेंट संचालक की पिटाई कर दी थी।

इसके बाद टेंट संचालक ने काम बंद कर दिया था। इसके बाद दोनों दोस्तों ने मारपीट का व्हाट्सएप पर स्टेटस भी लगाया था। उसमें दुबारा मारपीट करने की धमकी दी गई थी। इससे गुस्साए सात-आठ लड़कों की ओर से भाग रहे दोनों दोस्तों की रास्ते में पकड़ कर जमकर पिटाई कर दी गई। इसके बाद पकड़े जाने के डर से बेहोशी की हालत में दोनों को चवरियां के पास पानी में फेंक दिया गया। इससे दोनों की मौत हो गई।

बता दें कि आरा नगर थाना क्षेत्र के आनंद नगर मोहल्ले में रहने वाले संदेश थाने के बरतीयर गांव निवासी रिटायर फौजी संतोष कुमार राय का 25 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार और गड़हनी थाना क्षेत्र के खरईचा गांव निवासी संतोष सिंह का 18 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार उर्फ आदर्श का शव 14 अक्टूबर की सुबह नारायणपुर थाना क्षेत्र के चवरिया गांव के समीप सड़क किनारे एक आहर से मिला था। रौशन कुमार स्नातक और रजनीश कुमार इंटर का छात्र है। दोनों 12 अक्टूबर की शाम अपने दोस्त प्रकाश राय के बुलाने पर उसके गांव सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गये थे। इसे लेकर प्रकाश राय सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी।

खदेड़ कर दोनों दोस्तों को पकड़ा, बेहोशी की हालत में आहर में फेंका

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित सुशील कुमार ने पूछताछ में बताया कि टेंट संचालक के साथ मारपीट से गांव के लड़कों में काफी आक्रोश था। स्थिति को भांप दोनों दोस्त आरा की ओर भागने लगे। हालांकि लड़कों की ओर से दोनों को गांव में ही मोबाइल टावर के पास पकड़ लिया गया और मारपीट की गयी। तब दोनों किसी तरह लड़कों की चंगुल से निकल गये और फिर भानने लगे। हालांकि पीछा कर दोनों को चवरिया गांव के पास पकड़ लिया गया और फिर मारपीट की गयी। अधिक चोट लगने से रौशन और रजनीश बेहोश हो गए थे, लेकिन उस समय दोनों जीवित थे। तब पकड़े जाने के डर से दोनों को पानी मे फेंक दिया गया। इसमें दोनों की मौत हो गई और दो दिन तक पानी में रहने से शव भी खराब हो गये थे।

दोस्त के घर जाने की बात कह निकले थे दोनों, चले गए थे एकवारी

रजनीश और रौशन 12 अक्टूबर (दशहरा के दिन) की शाम अपने दोस्त के घर घूमने जाने की बात कह घर से निकले थे। इसके बाद दोनों तीसरे दोस्त प्रकाश राय के गांव एकवारी चले गये थे। रात करीब दस बजे तक दोनों अपने घर के लोगों से आरा में होने की बात कह रहे थे। बाद में परिजनों की ओर से सख्ती से पूछे जाने पर एकवारी गांव में होने की बात कही गई थी। दूसरे दिन भी दोनों घर नहीं पहुंचे, तो खोजबीन की गयी, लेकिन पता नहीं चला। मोबाइल भी बंद हो गया था। खोजबीन के दौरान तीसरे दिन यानी 14 अक्टूबर की सुबह दोनों का शव चवरिया गांव के समीप आहर से बरामद किया गया था। घटनास्थल से दोनों के मोबाइल, गांजा काटने वाला एक कटर, फाइटर और कुछ दूरी से बाइक बरामद की गयी थी।

News
News
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
pintu Bhaiya
Khabre Apki Play
Khabre Apki Play

Most Popular