Koilwar Mental Hospital: पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू सहित अन्य न्यायाधीशों ने बिहार राज्य मानसिक स्वास्थ्य एवं सहबद्ध विज्ञान संस्थान, कोईलवर (भोजपुर) का भ्रमण एवं निरीक्षण किया।
- हाइलाइट: Koilwar Mental Hospital
- मरीजों के कल्याण का आकलन, संस्थान में चल रहे उन्नयन एवं नवीनीकरण कार्यों का किया निरीक्षण
आरा। पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू सहित अन्य न्यायाधीशों ने बिहार राज्य मानसिक स्वास्थ्य एवं सहबद्ध विज्ञान संस्थान, कोईलवर (भोजपुर) का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। संस्थान परिसर में आगमन पर मुख्य न्यायाधीश को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके उपरांत मुख्य न्यायाधीश एवं अन्य न्यायाधीशों द्वारा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर न्यायाधीश सुधीर सिंह, न्यायाधीश नानी टागिया, न्यायाधीश नवनीत कुमार पांडेय, न्यायाधीश पूर्णेंदु सिंह, न्यायाधीश हरीश कुमार, न्यायाधीश डॉ. अंशुमन, न्यायाधीश सोनी श्रीवास्तव तथा न्यायाधीश अजीत कुमार शामिल थे। इस दौरान न्यायाधीशों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध उपचार, सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण का उद्देश्य मरीजों के कल्याण का आकलन, संस्थान में चल रहे उन्नयन एवं नवीनीकरण कार्यों का निरीक्षण तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। इस क्रम में संस्थान के निदेशक एवं अन्य अधिकारियों ने उपचार एवं पुनर्वास सुविधाओं में हो रहे सुधारों, नई पहलों तथा सेवाओं की गुणवत्ता में आए सकारात्मक बदलावों की विस्तृत जानकारी साझा की।
माननीय न्यायाधीशों ने संस्थान में जीविका दीदियों द्वारा किए जा रहे हाउसकीपिंग कार्य की विशेष सराहना करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े इस प्रयास की प्रशंसा की। इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि “मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और मानवता आधारित सेवाएं समाज को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।”
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग बिहार के सचिव लोकेश कुमार सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीध, पुरुषोत्तम मिश्रा, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव पवन पांडेय, जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया, एसपी राज, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतम कुमार, भोजपुर जिला न्यायालय के अन्य न्यायाधीश, उप विकास आयुक्त गुंजन सिंह, संस्थान के निदेशक तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहें।


