Cyber criminals Ara: 5 मोबाईल,1 वाई-फाई राउटर, 1 डीवीआर, 13 चेकबुक,1 पावर बैंक, 7 एटीएम कार्ड, 3 स्कैनर, 2 पर्श, 3 पासबुक, 8 मोहर एवं विभिन्न संस्थाओं से संबंधित कागजात बरामद
- हाइलाइट्स:
- एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने पटना इलाके से तीनों को दबोचा
- गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के खाता पर विभिन्न राज्यों से एनसीआरबी पोर्टल पर दर्ज है शिकायत
- पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष स्नेह सेतु ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
आरा,बिहार। भोजपुर जिले के साइबर थाना पुलिस की टीम ने साइबर फ्रॉड करने वाले अंतर जिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान टीम ने अंतर जिला गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। तीनों की गिरफ्तारी सोमवार को पटना इलाके से की गई। उनके पास से 5 मोबाईल,1 वाई-फाई राउटर, 1 डीवीआर, 13 चेकबुक,1 पावर बैंक, 7 एटीएम कार्ड, 3 स्कैनर, 2 पर्श, 3 पासबुक, 8 मोहर एवं विभिन्न संस्थाओं से संबंधित कागजात बरामद हुआ। इसकी जानकारी पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष स्नेह सेतु ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी।
गिरफ्तार अपराधियों में आरा नगर थाना क्षेत्र के भलुहीपुर मोहल्ला निवासी कन्हैया कुमार का पुत्र सौरभ कुमार, उसी थाना क्षेत्र के बेगमपुर मोहल्ला निवासी राजदेव सिंह का पुत्र अभय कुमार तथा पटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के मढियापुर गांव निवासी सुधीर चौधरी का पुत्र अमन कुमार है।
उन्होंने बताया कि 28 फरवरी 25 को नगर थाना क्षेत्र के धरहरा वलीगंज निवासी वादी सुरज कुमार द्वारा साइबर थाना में एक लिखित आवेदन दिया गया था, जिसमें कहा गया था कि 27 फरवरी 25 की संध्या करीब 5 बजकर 20 मिनट पर उनके मोबाईल नंबर-9798818736 पर मैसेज प्राप्त हुआ, कि मेरे खाता संख्या-52590100014331 से कुल 50 हजार रूपया कट गया है।
वादी द्वारा समर्पित आवेदन के आधार पर तत्काल साइबर थाना में सनहा दर्ज कर जांच प्रारंभ किया गया। इसी क्रम में मनी ट्रायल का अवलोकन कर केवाईसी तथा अन्य विवरणी प्राप्त किया गया। इसके आधार पर भोजपुर साइबर थाना में 7 जुलाई 25 को भारतीय न्याय संहिता के विभिन्न धारा एवं आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
Cyber criminals Ara: साइबर अपराधियों को पटना जिले से गिरफ्तार किया गया
उक्त कांड के उद्भेदन तथा घटना में संलिप्त साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक राज के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व वे खुद कर रहे थे। गठित टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का वैज्ञानिक एवं तकनीकि विश्लेषण तथा अनुसंधान के आधार पर घटना में शामिल 3 साइबर अपराधियों को पटना जिले से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार सभी अभियुक्तों द्वारा घटना को कारित करने की बात स्वीकार किया गया है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के खाता पर विभिन्न राज्यों से एनसीआरबी पोर्टल पर शिकायत दर्ज है। छापेमारी टीम में साइबर थाना के पुअनि गांधी नाथ पाठक, पुअनि स्वाती रानी, जवान अमरेन्द्र कुमार, उतम कुमार, चालक अतिश कुमार, थाना के सशस्त्र बलों एवं टेकनिकल टीम का सराहनीय योगदान रहा।


