Dalippur Panchayat: भोजपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत दलीपपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का मंगलवार को जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया द्वारा निरीक्षण किया गया।
- हाइलाइट: Dalippur Panchayat
- लाभुकों के बीच योजनाओं का किया वितरण
आरा। भोजपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत दलीपपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का मंगलवार को जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का अवलोकन कर आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं शिकायत निवारण की व्यवस्था की समीक्षा की, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
Dalippur Panchayat : डीएम ने आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक सरल एवं सुगम तरीके से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभुकों के बीच आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, आईसीडीएस से संबंधित योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र तथा अन्य लाभ संबंधी दस्तावेजों का वितरण किया गया। लाभुकों ने सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया।
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, कृषि, विद्युत, पेयजल एवं अन्य विभागों के काउंटर लगाए गए थे, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन प्राप्त करने एवं शिकायतों के निष्पादन की व्यवस्था की गई थी।
जिला पदाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन एवं पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी जगदीशपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगदीशपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी जगदीशपुर, अंचल अधिकारी जगदीशपुर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।


