Dhurran Kumar Yadavpur: धुरान कुमार ने बिहिया थाना क्षेत्र के साहेब टोला निवासी सोनिया देवी से वर्ष 2023 में किया था लव मैरिज
- हाइलाइट: Dhurran Kumar Yadavpur
- घरेलू कलह में पति ने जहर खाकर की खुदकुशी, घर में मचा कोहराम
- वर्ष 2023 में मृतक ने बिहिया निवासी महिला से किया था प्रेम विवाह
- पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
- तीयर थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव स्थित बधार में मंगलवार की दोपहर घटी घटना
आरा। जिले के तीयर थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव स्थित बधार में मंगलवार की दोपहर घरेलू कलह में पति ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना को लेकर गांव एवं आसपास की इलाके में सनसनी मच गई है।
सूचना मिलते ही तीयर थानाध्यक्ष राजीव रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से मिल घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। जानकारी के अनुसार मृतक तीयर थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव वार्ड नम्बर-14 निवासी रामेश्वर सिंह का 26 वर्षीय पुत्र धुरान कुमार है। वह किसान था।
इधर, मृतक के पिता रामेश्वर सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद वह गुस्से में घर से बाहर निकल गया और बधार में जाकर उसने जहर खा लिया। जहर खाने के बाद उसने फोन कर पत्नी और अपनी बहन को जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे खोजबीन करने लगे।
इस दौरान जब वे बधार में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वह बेहोश पड़ा हुआ है। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए आरा ला रहे थे। तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार धुरान कुमार ने बिहिया थाना क्षेत्र के साहेब टोला निवासी सोनिया देवी से वर्ष 2023 में लव मैरिज किया था। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन हाल के दिनों में छोटी-छोटी बातों पर पति-पत्नी उलझ जाते थे।


