Flood Affected Shahpur: जिलाधिकारी भोजपुर ने शाहपुर अंचल अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
- हाइलाइट:
- डीएम तनय सुलतानिया द्वारा कटाव-निरोधी कार्यों में तेज़ी लाने का निर्देश
- राहत शिविरों व राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
बिहार (आरा)। भोजपुर जिलाधिकारी तनय सुलतानिया ने शनिवार को शाहपुर अंचल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से जवइनिया गांव में गंगा नदी के कटाव की स्थिति का जायजा लिया। गंगा नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कटाव-निरोधी कार्यों में तेजी लाने और राहत शिविरों व राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संवेदनशील क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने और विस्थापन के निर्देश
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाई जाए और संभावित प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले साल जवइनिया गांव के 29 परिवारों को भूमि उपलब्ध कराकर पर्चा निर्गत किया गया था, जबकि 59 परिवारों को ₹1.2 लाख प्रति परिवार की दर से गृह क्षति मुआवजा दिया गया था।
Flood Affected Shahpur: जिला प्रशासन की आमजन से अपील
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे गंगा नदी के बहाव क्षेत्र से दूर रहें और जिन परिवारों को पर्चा दिया गया है और सुरक्षित स्थानों पर रहने की व्यवस्था की गई है, वे वहीं स्थायी रूप से निवास करें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजीत कुमार, एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा, अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता, बाढ़ प्रमंडल बक्सर, सहायक अभियंता, शाहपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी शत्रुंजय कुमार सिंह एवं अंचलाधिकारी शाहपुर रश्मि सागर, बहोरनपुर थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।











