Tuesday, March 19, 2024
No menu items!
HomeNewsCrimeरामलीला शोभा यात्रा से कुछ घंटे पहले फायरिंग की घटना: आरा शहर...

रामलीला शोभा यात्रा से कुछ घंटे पहले फायरिंग की घटना: आरा शहर में मची सनसनी

बीच सड़क, भीड़-भाड़ वाला इलाका और दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा आरा गोलीबाजों का बेखौफ अंदाज
राहगीरों के बीच फायरिंग करते आराम से निकल गये बाइक सवार दोनों अपराधी
बाइक के नंबर और हुलिया के आधार पर गोलीबाजों तक पहुंचने में जुटी पुलिस


खबरे आपकी: भोजपुर/आरा। आरा में रविवार सुबह बाइक सवार गोलीबाजों का बेखौफ अंदाज दिखा। बदमाश शहर के भीड़-भाड़ वाला इलाके में राहगीरों के बीच दिनदहाड़े लगातार तीन राउंड फायरिंग करते आराम से निकल गये। अपराधियों की फिल्म अंदाज में की गयी फायरिंग से रास्ते से गुजर रहे लोगों में भगदड़ मच गयी। लोग इधर-उधर भागने लगे और इलाके में दहशत पैदा हो गयी‌।

घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पूरी करतूत सामने आयी है। फुटेज से गोलीबाजों की बाइक का नंबर भी मिला है। पुलिस उसी बाइक के नंबर और बदमाशों की हुलिया के जरिए गोलीबाजों तक पहुंचने में लगी है। मोबाइल सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है। इसके लिए डीआईयू टीम को भी लगाया गया है।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सुबह करीब आठ बजकर 21 मिनट का समय हो रहा था। मीरगंज मोहल्ले में गोला रोड से पड़ाव की ओर जाने वाली सड़क पर चहलकदमी है। लोग आराम से आ-जा रहे हैं। उस दौरान गोला रोड की ओर से एक बाइक पर सवार दो युवक जाते दिख रहे हैं। अचानक बाइक पर पीछे बैठे व काले रंग की शर्ट पहने युवक अपने कमर से पिस्टल निकालता है। उसके बाद हवाई फायरिंग करने लगता है। वह गोली चलाते आगे की ओर निकल जाता है।

फुटेज में बदमाशों की बाइक का नंबर भी साफ दिख रहा है। गोली चला रहा युवक गमछा से चेहरा ढंक रखा था। अचानक सामने फायरिंग होते देख राहगीरों में भगदड़ मच जाती है। लोग भागने लगते हैं। बदमाशों के पीछे बाइक और पैदल जा रहे लोग पहले ठिठकते हैं। उसके बाद भागने लगते हैं। सामने से आ रहे लोग भी बदमाशों को गोली चलाते देख भाग खड़े होते हैं।

आरा शहर में दिनदहाड़े इस घटना से सनसनी, तो पुलिस महकमे में मची खलबली

आरा शहर में दिनदहाड़े इस घटना से सनसनी, तो पुलिस महकमे में खलबली मच गयी। सूचना मिलते ही एएसपी हिमांशु के नेतृत्व में नगर थाना और डीआईयू की टीम पहुंच गयी। उसके बाद गोलीबाजों की पहचान और धरपकड़ तेज कर दी गयी। बाद में एसपी संजय कुमार सिंह ने भी घटना की तफ्तीश की।

फायरिंग की वारदात के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा के आगे-पीछे चल रहे थे क्रास मोबाइल जवान, अलर्ट मोड में थी पुलिस
घटनास्थल के नजदीक ही रामलीला शोभायात्रा की चल रही थी तैयारी
समिति के अध्यक्ष बोले-व्यवसायियों को डराने को की गयी फायरिंग

फायरिंग की घटना के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रामलीला शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा के साथ क्राब मोबाइल के जवान और थानों की गाड़ी भी चल रही थी। बता दें जिस जगह पर फायरिंग की घटना हुई। उससे कुछ दूरी पर रामलीला शोभायात्रा की तैयारी चल रही थी। दोपहर में शोभायात्रा निकाली जानी थी। इसे लेकर रामलीला समिति के कुछ सदस्य तैयारी में लगे थे। ऐसे में शोभा यात्रा से कुछ घंटे पहले फायरिंग की घटना से शहर में सनसनी मच गयी। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गयी।

इधर, रामलीला समिति के अध्यक्ष प्रेम पंकज उर्फ ललन ने बताया कि आरण्य देवी मंदिर व्यवसायियों का केंद्र है। व्यवसायियों को डराने और धमकाने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया है। लेकिन व्यवसायी वर्ग किसी तरह की फायरिंग से डरने वाले नहीं हैं। बताया कि एक बाइक पर दो अपराधी थे। उनके द्वारा तीन राउंड फायरिंग की गयी है। उसके बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गयी। बता दें कि पुरानी अदालत पड़ाव से सालों से नवरात्र के अवसर पर रामलीला शोभायात्रा निकाली जाती है। उसी क्रम में रविवार की दोपहर करीब एक बजे शोभायात्रा निकाली जानी थी। उसे लेकर सुबह से ही अध्यक्ष की देखरेख में तैयारी चल रही थी। तभी सुबह साढ़े आठ बजे फायरिंग की घटना हो गयी।

गोलीबाजों का मकसद सिर्फ दहशत पैदा करना या कुछ और..?

आरा टाउन थाना क्षेत्र के मीरगंज इलाके में फायरिंग करने वाले गोलीबाजों का मकसद सिर्फ दहशत पैदा करना था या कुछ और है। इसे लेकर शहर में चर्चा तेज हो गयी है। सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों के गोली चलाने का अंदाज बता रहा है कि उनका मकसद किसी की हत्या करना नहीं था। गोली हवा में चलायी जा रही थी। इस कारण दहशत पैदा करने के लिए फायरिंग करने की बात कही जा रही है। लेकिन फिलहाल नगर निकाय का चुनाव और दुर्गापूजा भी है। इसे लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और हर एंगल से तफ्तीश कर रही है। एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में फायरिंग का मकसद दहशत पैदा करना ही लग रहा है। लेकिन अपराधियों के पकड़े जाने के बाद ही कुछ क्लीयर हो सकता है।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
Journalist
- Advertisment -

Most Popular