Encroachment Drive: शाहपुर नगर पंचायत की लगातार बढ़ती आबादी, बढ़ते व्यावसायिक दबाव और नगर के क्षैतिज विस्तार ने वेंडिंग ज़ोन की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है।
- हाइलाइट: Encroachment Drive
- शाहपुर में अतिक्रमण: वेंडिंग ज़ोन का अभाव, एक गंभीर प्रशासनिक चुनौती
- उपमुख्य पार्षद झुनीया देवी ने कहा: वेंडिंग ज़ोन को लेकर इओ से होगी वार्ता
आरा,बिहार। [30 नवंबर 2025]: नगर प्रशासन द्वारा शाहपुर में सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू करने से पहले दुकानदारों को २४ घंटे का समय दिया गया है। जिसका माइक द्वारा समुचित प्रचार-प्रसार भी किया गया है। इस अभियान का असर भी अब दिखाई देने लगा है, कई दुकानदारों को स्वेच्छापूर्वक अपनी दुकानें हटाते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, यह कदम जहां एक ओर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में आवश्यक है, वहीं दूसरी ओर फुटकर दुकानदारों के लिए एक विकट समस्या उत्पन्न कर रहा है, जिनकी आजीविका पूरी तरह से इन्हीं सड़क किनारे की दुकानों पर निर्भर थी। उनका कहना है कि दुकान हटने से उनके परिवार के भरण-पोषण में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।
शाहपुर नगर पंचायत में वेंडिंग ज़ोन का स्थायी अभाव अब एक गंभीर प्रशासनिक चुनौती का रूप ले चुका है। विशेषकर, शाहपुर NH-84, थाना मोड़ रोड और दुर्गा माता मंदिर चौक से करनामेपुर जानेवाली प्रमुख सड़कें लगातार अतिक्रमण की चपेट में हैं, जिसके परिणामस्वरूप आवागमन बाधित हो रहा है और नगर की दैनिक गतिविधियाँ बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
Encroachment Drive : शाहपुर में NH-84 की चिंताजनक स्थिति
सबसे चिंताजनक स्थिति राष्ट्रीय राजमार्ग 84 (NH-84) की है, जिसे नगर की जीवनरेखा माना जाता है। बड़ी मठिया से लेकर सेंट्रल बैंक तक, इस महत्वपूर्ण सड़क के पूरे लेन पर फुटपाथी दुकानदारों, सब्जी-फल विक्रेताओं और ठेला-फेरी वालों का स्थायी अतिक्रमण व्याप्त है। सड़क के इस तरह सिकुड़ने से यहां दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। अक्सर राहगीरों को पैदल चलने तक की जगह नहीं मिलती, वहीं वाहन चालकों को घंटों जाम में फँसे रहकर अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद नगर पंचायत और स्थानीय प्रशासन द्वारा कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। समय-समय पर केवल औपचारिक अभियान चलाकर सड़कों को खाली कराया जाता है, लेकिन कुछ ही घंटों में स्थिति पूर्ववत हो जाती है, जिससे समस्या का कोई दीर्घकालिक समाधान नहीं निकल पाता।
इसी प्रकार, शाहपुर थाना मोड़ से बनाही स्टेशन जानेवाली सड़क पर पुरानी अस्पताल के समीप से सड़क किनारे लगने वाली अनियोजित फुटकर दुकानें और होटल आवागमन में और अधिक बाधा उत्पन्न करते हैं। सुबह और शाम के व्यस्त समय में, यहां खरीदारों की भीड़ सड़क पर फैल जाती है, जिससे जाम की स्थिति कई गुना बढ़ जाती है। स्थानीय नागरिक बताते हैं कि इस मार्ग से स्कूल, अस्पताल, ब्लॉक, अंचल, थाना और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों जाने के लिए बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन गुजरते हैं। भीड़ और अव्यवस्थित ऑटो स्टैन्ड के कारण कई बार आपातकालीन वाहन भी निकलने और समय पर गंतव्य तक पहुँचने में असमर्थ हो जाते हैं।
शाहपुर नगर पंचायत की लगातार बढ़ती आबादी, बढ़ते व्यावसायिक दबाव और नगर के क्षैतिज विस्तार ने वेंडिंग ज़ोन की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है। जिले के अन्य कई नगरपालिका क्षेत्रों में सड़क किनारे अतिक्रमण को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्थित वेंडिंग ज़ोन सफलतापूर्वक विकसित किए गए हैं, जहां लाइसेंसधारी फेरीवालों को एक निर्धारित स्थान प्रदान किया गया है। परंतु दुर्भाग्यवश, जिले के शाहपुर नगर पंचायत में अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। इससे न केवल सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ रहा है, बल्कि शहर की आर्थिक गतिविधियां भी नकारात्मक रूप से प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने नगर पंचायत के पूर्व उपमुख्य पार्षद गुप्तेश्वर शाह (वर्तमान में इनकी पत्नी उपमुख्य पार्षद है। से जल्द से जल्द नियोजित वेंडिंग ज़ोन विकसित करने की पुरजोर मांग की है। उनका तर्क है कि यदि सुनियोजित वेंडिंग ज़ोन का निर्माण किया जाता है, तो न केवल यातायात जाम की समस्या कम होगी बल्कि फुटपाथी दुकानदारों को भी एक व्यवस्थित और सुरक्षित जगह मिल सकेगी, जिससे उनकी आजीविका सुरक्षित रहेगी।
नगर पालिका की स्थापना के दो से तीन दशक से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद, आज तक यहां एक भी समुचित वेंडिंग ज़ोन विकसित नहीं हो सका है। यह प्रशासनिक उदासीनता का एक स्पष्ट उदाहरण है, जिसका खामियाज़ा शाहपुर के आम लोगों को प्रतिदिन भुगतना पड़ रहा है। इधर, उपमुख्य पार्षद झुनीया देवी ने कहा इस गंभीर समस्या के समाधान हेतु तत्काल और प्रभावी कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी से सुनियोजित वेंडिंग ज़ोन को लेकर चर्चा की जाएगी।


