Wednesday, February 18, 2026
No menu items!
Homeबिहारआरासीएम की प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं को धरातल पर उतारे- तनय

सीएम की प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं को धरातल पर उतारे- तनय

CM Pragati Yaatra: एनएच-119 ए फोरलेन परियोजना सहित प्रमुख सड़क समेत अन्य योजनाओं डीएम ने की समीक्षा

  • हाइलाइट: CM Pragati Yaatra
    • बबुरा-डोरीगंज पथ के चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश


आरा,बिहार। भोजपुर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एनएच-119 ए (पटना-आरा-सासाराम) फोरलेन परियोजना, ग्रामीण कार्य विभाग एवं पथ निर्माण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सड़क निर्माण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही बैठक में मुख्यमंत्री बिहार की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित एवं स्वीकृत सभी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सर्वेक्षण एवं पिलरिंग की अद्यतन स्थिति, विभिन्न राजस्व ग्रामों के लंबित अभिलेखों, भूमि पोर्टल पर उत्पन्न भुगतान संबंधी समस्याओं तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की, उन्होंने संबंधित अंचलाधिकारियों से लंबित अभिलेखों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि शेष सभी अभिलेखों को अविलंब जिला भू-अर्जन शाखा में प्रेषित किया जाए।

जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष भूमि अधिग्रहण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें। साथ ही जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को परियोजना निदेशक, एनएचएआई (पटना एवं सासाराम) के साथ समन्वय स्थापित कर मुआवजा भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने तथा संबंधित विभागों से समन्वय कर सभी अड़चनों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारने एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक में कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, पीरो को लंबित परियोजनाओं से संबंधित अधियाचना प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं, कार्यपालक अभियंता, शाहाबाद पथ प्रमंडल, आरा को संचालित योजनाओं को शीघ्रपूर्ण करने तथा नगर क्षेत्र में वेंडिंग ज़ोन एवं बबुरा-डोरीगंज पथ के चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एनएचएआई के परियोजना निदेशक (पटना एवं सासाराम), अनुमंडल पदाधिकारी (सदर, पीरो, जगदीशपुर), भूमि सुधार उपसमाहर्ता (सदर एवं पीरो), ग्रामीण कार्य विभाग एवं शाहाबाद पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, तथा संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी (तरारी, चरपोखरी, गड़हनी, कोईलवर, उदवंतनगर, सहार, संदेश, पीरो, आरा सदर एवं बड़हरा) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहें।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के आरा निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। डॉ. कृष्ण कुमार हिन्दी समाचार खबरें आपकी के संपादक एवं न्यूज पोर्टल वेबसाईट के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur

Most Popular