HomeNewsबिहारपूर्व मध्य रेल 'ऑपरेशन समय पालन' और 'ऑपरेशन महिला सुरक्षा' की उपलब्धि

पूर्व मध्य रेल ‘ऑपरेशन समय पालन’ और ‘ऑपरेशन महिला सुरक्षा’ की उपलब्धि

East Central Railway: पूर्व मध्य रेल की यात्रियों के लिए दो महत्वपूर्ण पहलें: ‘ऑपरेशन समय पालन’ और ‘ऑपरेशन महिला सुरक्षा’

  • हाइलाइट: East Central Railway
    • ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत चेन पुलिंग करते 1032 लोग पकड़ाए
    • ऑपरेशन ‘‘महिला सुरक्षा‘‘ के तहत महिला डिब्बे में सफर करने वाले 2629 पुरुष यात्री लिए गए हिरासत में
    • विगत एक माह में सुरक्षा बलों को कार्रवाई के दौरान मिली उपलब्धि

पटना/हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और रेलगाड़ियों के समय पालन को सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा दो विशेष अभियानों- ‘ऑपरेशन समय पालन’ और ‘ऑपरेशन महिला सुरक्षा’ के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इन अभियानों का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाना है।

‘ऑपरेशन समय पालन’: अनावश्यक चेन पुलिंग पर लगाम

रेलगाड़ियों को बिना किसी पर्याप्त कारण के अवैध रूप से चेन पुलिंग कर रोकना एक गंभीर समस्या है, जिससे न केवल रेलगाड़ियों के परिचालन में विलंब होता है, बल्कि अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस पर अंकुश लगाने हेतु पूर्व मध्य रेल द्वारा नियमित कार्रवाई की जाती रही है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन समय पालन’ के तहत पिछले माह 1 से 31 दिसंबर 2025 तक रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों में बिना उचित कारण के चेन पुलिंग करने के आरोप में कुल 1032 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।

इन सभी व्यक्तियों के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत विधिक कार्रवाई की गई है। इस दौरान, सर्वाधिक 429 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गए, जबकि समस्तीपुर मंडल में 266, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 131, सोनपुर मंडल में 116 तथा धनबाद मंडल में 90 लोगों को हिरासत में लिया गया। यह अभियान ट्रेनों की समयबद्धता बनाए रखने और यात्रियों की असुविधा को कम करने में सहायक सिद्ध हो रहा है।

‘ऑपरेशन महिला सुरक्षा’: महिला यात्रियों की संरक्षा सुनिश्चित

महिला यात्रियों की सुरक्षा पूर्व मध्य रेल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। इस दिशा में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ‘ऑपरेशन महिला सुरक्षा’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिला कोच में अनाधिकृत रूप से यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करना है। इस अभियान के तहत विशेष रूप से महिलाओं के लिए आरक्षित कोचों में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के विरुद्ध सघन धर-पकड़ अभियान चलाया गया।

पिछले माह 1 से 31 दिसंबर 2025 तक रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों पर महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत कुल 2629 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया। इस अभियान में भी दानापुर मंडल सबसे आगे रहा, जहां सर्वाधिक 1371 पुरुष यात्री पकड़े गए। इसके अतिरिक्त, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 706, समस्तीपुर मंडल में 240, सोनपुर मंडल में 166 तथा धनबाद मंडल में 146 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के आरा निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। डॉ. कृष्ण कुमार हिन्दी समाचार खबरें आपकी के संपादक एवं न्यूज पोर्टल वेबसाईट के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular