Homeबिहारआरानववर्ष पर आरा की अधिष्ठात्री मां आरण्य देवी मंदिर में उमड़ा आस्था...

नववर्ष पर आरा की अधिष्ठात्री मां आरण्य देवी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

Maa Aranya Devi Temple: नववर्ष के शुभ अवसर पर आरा की ऐतिहासिक अधिष्ठात्री मां आरण्य देवी के मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

Bijay singh
  • हाइलाइट: Maa Aranya Devi Temple
    • हजारो की संख्या में भक्तों ने मां के मंदिर में टेका मत्था

आरा। नववर्ष के शुभ अवसर पर आरा की ऐतिहासिक अधिष्ठात्री मां आरण्य देवी के मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। नए साल की शुरुआत देवी दर्शन और पूजन के साथ करने की परंपरा का निर्वहन करते हुए हजारों भक्तों ने देवी मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरुवार को सुबह से ही मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भर गया। दर्शनार्थियों की लंबी कतारें मंदिर से मीरगंज गोला मोड़ और पड़ाव मोड़ तक जा पहुँचीं, जो अपराह्न तीन बजे तक अनवरत बनी रहीं। इसके बावजूद, सायंकाल और रात्रि में भी भक्तगण देवी के दर्शन के लिए आते रहे।

प्रतिकूल मौसम की चुनौतियों के बावजूद भी भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह 5 बजे हुई प्रातः आरती के उपरांत ही दर्शन का क्रम आरंभ हो गया था। श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों और बच्चों सहित मां के चरणों में मत्था टेककर जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। व्यवस्था बनाए रखने और भक्तों को कतारबद्ध करने के लिए महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से तैनाती की गई थी।

श्रद्धालु-भक्तों के बीच वितरित हुआ प्रसाद: नववर्ष के इस पावन अवसर पर मां आरण्य देवी मंदिर विकास ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्रसाद वितरण का विशेष प्रबंध किया गया था। ट्रस्ट की ओर से भक्तों के बीच प्रसाद स्वरूप बुंदिया का वितरण सुबह से देर शाम तक चलता रहा, प्रसाद वितरण कार्यक्रम को लेकर भक्त काफी खुश दिखें।

संध्या समय मां के मंदिर में लगा खीर का भोग: संध्या काल में मां आरण्य देवी को विशेष भोग अर्पित किया गया। मेवा, दूध और चावल से निर्मित खीर का भोग लगाने के पश्चात, इसे उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। भोग का प्रसाद ग्रहण करने के लिए भी भक्तों की लंबी पंक्तियाँ लगी रहीं, अविचल आस्था के साथ काफी संख्या में भक्तों ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया।

ranjna
KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। हिंदी दैनिक समाचार पत्र राष्ट्रीय सहारा, नव संदेश, न्यूज वेबसाईट खबरें आपकी के संपादक, ट्रस्टी, मां आरण्य देवी मंदिर विकास ट्रस्ट तथा सचिव, सनातनी गंगा फाउंडेशन, भोजपुर, आरा।

Most Popular