Shahpur Nagar: शाहपुर नगर पंचायत में कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) नेशात आलम को दंडाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है, जबकि पु.अ.नि. सच्चिदानंद सिंह को पुलिस पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।
- हाइलाइट: Shahpur Nagar
- शाहपुर नगर पंचायत में अस्थाई अतिक्रमण पर मंगलवार से जेसीबी गरजने को तैयार
आरा, बिहार। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सार्वजनिक स्थलों पर फैले अव्यवस्था को समाप्त करने के उद्देश्य से नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध मंगलवार से इस अभियान की शुरुआत की जाएगी जो हप्तेभर चलेगी, जिसमें सड़कों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किए गए सभी प्रकार के अस्थायी कब्जों को सख्ती से हटाया जाएगा। इस कार्रवाई के लिए नगर पंचायत ने पूरी तैयारी कर ली है।
विदित रहे कि लंबे समय से शाहपुर नगर पंचायत के बाजार और प्रमुख मार्गों पर अस्थायी अतिक्रमण एक गंभीर समस्या बन चुका है। दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों का सामान सड़क और फुटपाथ पर रखने, ठेले-खोमचे वालों द्वारा मनमाने ढंग से जगहों पर कब्जा करने और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा नियमों की अनदेखी कर अस्थायी निर्माण करने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इससे न केवल यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, बल्कि पैदल चलने वालों के लिए भी सुरक्षित मार्ग नहीं बचता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
Shahpur Nagar: दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति
जिलाधिकारी, भोजपुर के निर्देशानुसार अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विधि-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। शाहपुर नगर पंचायत में कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) नेशात आलम को दंडाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है, जबकि पुलिस उप-निरीक्षक (पु.अ.नि.) सच्चिदानंद सिंह को पुलिस पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। ये अधिकारी अभियान की पूरी अवधि के दौरान सक्रिय रूप से क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का नेतृत्व करेंगे।
जिलाधिकारी द्वारा प्रतिनियुक्त अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अतिक्रमण हटाने के पश्चात यदि उन क्षेत्रों में पुनः अतिक्रमण अथवा अस्थायी कब्जा करने का प्रयास किया जाता है, तो तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए। ऐसे दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई अधिरोपित करने हेतु अंचलाधिकारी को प्रस्ताव देंगे।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु थानाध्यक्ष समुचित सहयोग प्रदान करेंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी अतिक्रमण हटाने हेतु प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध करायेंगे। साथ ही, प्रतिदिन हटाई गई संरचनाओं आदि से संबंधित विस्तृत ब्यौरा एवं प्रतिवेदन प्राप्त कर उसे समेकित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी को समर्पित करेंगे।


