Homeराजनीतजिप्सा आनंद, पिंकू भैया समेत 10 नेता राजद से आउट

जिप्सा आनंद, पिंकू भैया समेत 10 नेता राजद से आउट

Lalu-Tejashwi: लालू एवं तेजस्वी यादव की आरजेडी ने विधायक फतेह बहादुर सिंह, दो पूर्व विधायकों समेत 10 नेताओं को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

  • हाइलाइट:
    • बागियों पर चली लालू-तेजस्वी की ‘तलवार’

Lalu-Tejashwi: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने एक बार फिर बागियों पर कार्रवाई की है। बिहार की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर राजद के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। इनमें डेहरी के विधायक फतेह बहादुर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश कुमार समेत दो पूर्व विधायकों का नाम शामिल है। इससे पहले भी राजद ने 2 विधायकों समेत 27 नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया था।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने बुधवार को 10 नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित करने का आदेश जारी किया। फतेह बहादुर सिंह और सतीश कुमार के अलावा जिन नेताओं को राजद ने निकाला है, उनमें बिहारशरीफ के मो. नौसादुल नवी उर्फ पप्पू खां, कांटी के पूर्व विधायक मो. गुलाम जिलानी वारसी और गोपालगंज पूर्व विधायक के मो. रियाजुल हक राजू शामिल हैं।

इनके अलावा, प्रदेश महासचिव पूर्णिया के अमोद कुमार मंडल, सिंहेश्वर के क्रियाशील सदस्य वीरेंद्र कुमार शर्मा, मधेपुरा के क्रियाशील सदस्य प्रणव प्रकाश, भोजपुर की जिला परिषद सदस्य और पार्टी की प्रदेश महासचिव जिप्सा आनंद और भोजपुर के राजीव रंजन उर्फ पिंकू को भी राजद से बाहर किया गया है।

बता दें कि लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी ने दो दिन पहले भी बागियों पर कार्रवाई की थी। राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व एमएलसी, प्रखंड अध्यक्षों समेत कुल 27 नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। इनमें परसा विधायक छोटे लाल यादव, गोविंदपुर विधायक मोहम्मद कामरान, परिहार से निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं रितु जायसवाल, पूर्व विधायक अनिल सहनी, बड़हरा के पूर्व विधायक सरोज यादव, संदेश से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे मुकेश यादव, अनिल यादव एवं राम प्रकाश महतो और पूर्व एमएलसी गणेश भारती शामिल हैं।

Khabar Apki
Khabar Apki
Khabar Apki News Covers all Breaking News in Hindi

Most Popular