Chirag Paswan Bilauti: लोजपा (आर) सुप्रीमो चिराग पासवान शाहपुर के बिलौटी गांव का दौरा करेंगे, जहां वे मृतक भारत भूषण तिवारी के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगे।
- हाइलाइट: Chirag Paswan Bilauti
- एनकाउंटर की आड़ में निर्दोषों की बलि बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: चिराग पासवान
- किसके निर्देश पर यह एनकाउंटर हुआ है, बिना ऊपरी सहमति राज्य में इस तरह की घटना संभव नहीं: तेजस्वी
आरा/पटना। बिहार में कानून-व्यवस्था और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर छिड़ी बहस के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक कड़ा संदेश दिया है। शाहपुर के बिलौटी गांव में 17 जून को हुए कथित पुलिस एनकाउंटर में भारत भूषण तिवारी की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संवेदनशील मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करते हुए चिराग पासवान ने कहा है कि वर्दी की आड़ में निर्दोषों पर गोली चलाने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
Chirag Paswan Bilauti: परिजनों से मुलाकात के बाद वे पूरी वस्तुस्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे: चिराग पासवान
शुक्रवार को चिराग पासवान शाहपुर के बिलौटी गांव का दौरा करेंगे, जहां वे मृतक भारत भूषण तिवारी के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगे। पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि मामले की न्यायिक जांच चल रही है और जो भी रिपोर्ट सामने आएगी, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो या किसी भी उच्च पद पर आसीन हो, कानून अपना काम करेगा और किसी को भी कानून से ऊपर नहीं रहने दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि परिजनों से मुलाकात के बाद वे पूरी वस्तुस्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे।
निष्पक्ष सुनवाई की उम्मीद करना बेमानी है: तेजस्वी यादव
दूसरी ओर, इस पूरे मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी उबाल ला दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए न्यायिक जांच को महज एक दिखावा करार दिया है। तेजस्वी यादव का आरोप है कि राज्य में अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है और निष्पक्ष सुनवाई की उम्मीद करना बेमानी है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह एनकाउंटर हुआ है और मुख्यमंत्री जो गृहमंत्री भी है, की सहमति के बिना राज्य में इस तरह की घटना संभव नहीं है। आप समझ सकते है।
आरोपी डीएसपी के पोस्टिंग होने पर उठ रहे सवाल
फिलहाल, बिलौटी गांव में हुए इस एनकाउंटर को लेकर जहां एक ओर आरोपी डीएसपी के पोस्टिंग होने पर सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चिराग पासवान के दौरे से पीड़ित परिवार को न्याय की आस जगी है। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब सभी की निगाहें न्यायिक जांच की रिपोर्ट और सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।




