Homeबिहारआरा'जियो और जीने दो' के संदेश से गुंजायमान हुआ आरा शहर

‘जियो और जीने दो’ के संदेश से गुंजायमान हुआ आरा शहर

Lord Mahavir Swami: आरा में भगवान महावीर स्वामी की भव्य शोभायात्रा: ‘जियो और जीने दो’ के संदेश से गुंजायमान हुआ शहर

  • हाइलाइट: Lord Mahavir Swami
  • भगवान महावीर के कालजयी संदेश ‘जियो और जीने दो’ के जयकारों से गुंजाता रहा आरा शहर

आरा। बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक नगरी आरा में भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भगवान महावीर मार्ग स्थित श्री दिगंबर जैन शांतिनाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित त्रिदिवसीय महोत्सव के क्रम में सोमवार को शहर एक ऐतिहासिक और भव्य शोभायात्रा का साक्षी बना।

महोत्सव की शुरुआत प्रातः काल में युवाओं और बच्चों द्वारा निकाली गई प्रभातफेरी से हुई। हाथों में जैन धर्म का गौरव प्रतीक ‘पचरंगा ध्वज’ लिए युवाओं की टोली ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। भगवान महावीर के कालजयी संदेश ‘जियो और जीने दो’ के जयकारों के साथ जैन समाज के लोग घर-घर पहुंचे, जहां उन्होंने जैन ध्वज और मिष्ठान वितरित कर आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश प्रसारित किया।

Lord Mahavir Swami: जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर

मीडिया प्रभारी निलेश कुमार जैन ने जानकारी दी कि जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर आरा के सभी जैन मंदिरों में भव्य अभिषेक और विशेष पूजन अनुष्ठान संपन्न किए गए। इसके पश्चात, श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। इस शोभायात्रा में भगवान महावीर स्वामी को एक सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया, जिसकी अगुवाई घोड़े, ऊंट और बैंड-बाजे कर रहे थे। रथ पर श्रीजी को लेकर सौधर्म इंद्र-इंद्राणी के रूप में सुभद्रा-उमेंद्र जैन और श्रीजी विराजमानकर्ता के रूप में सुगम-रविन्द्र जैन सवार थे।

शोभायात्रा का दृश्य अत्यंत मनमोहक था, जहाँ सौभाग्यशाली धनकुबेर इंद्र रत्न वृष्टि कर रहे थे, वहीं प्रथम एवं द्वितीय इंद्र सहित 24 जोड़े अपने पारंपरिक भव्य परिधानों में चंवर डुलाते हुए भाव नृत्य कर रहे थे। शोभायात्रा में पुरुष और युवा वर्ग सफेद एवं पीले वस्त्रों में, जबकि महिलाएं और युवतियां लाल एवं पीले परिधानों में सम्मिलित होकर आध्यात्मिक छटा बिखेर रही थीं। इस अवसर पर आरा की मेयर इंदु देवी, विभिन्न वार्डों के पार्षद, गणमान्य समाजसेवी और स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

शहर के मुख्य मार्गों में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह व्यवस्था

शहर के मुख्य मार्गों—गोपाली चौक, जेल रोड, हॉस्पिटल रोड, बड़ी मठिया, महादेवा रोड और चित्रटोली रोड—से गुजरते हुए शोभायात्रा जैन स्कूल पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शीतल पेय, फल, नमकीन और मिष्ठान की व्यवस्था की गई थी, साथ ही भक्तों द्वारा भगवान की आरती और पुष्प वर्षा भी की गई।

जैन स्कूल परिसर में स्थापित पाण्डुकशिला पर भगवान महावीर को विराजमान कर सौभाग्यशाली पात्रों द्वारा विधि-विधान से जन्माभिषेक, पंचामृत अभिषेक, पूजन, मंगल आरती और शांतिधारा जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। कार्यक्रम के अंत में राजेश्वरी जैन परिवार द्वारा आयोजित ‘साधर्मी वात्सल्य’ में सभी भक्तों ने सप्रेम प्रसाद ग्रहण किया। संध्याकालीन सत्र में भजन, थाल सजाओ प्रतियोगिता, प्रश्नमंच और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने महोत्सव की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के कमलेश कुमार जैन, डॉ. आदित्य जैन, डॉ. विकास जैन, रमेश जैन, श्वेता जैन, शशांक जैन, वैभव जैन, डॉ. जया जैन, आकाश जैन, रौशन जैन, धीरेन्द्र जैन, अजय जैन, मृगांक जैन, ओंकार अग्रवाल, अमन जैन, सिद्धांत जैन, जूही जैन, रश्मि जैन और वार्ड पार्षद रेखा जैन सहित समस्त जैन समाज और श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के आरा निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। डॉ. कृष्ण कुमार हिन्दी समाचार खबरें आपकी के संपादक एवं न्यूज पोर्टल वेबसाईट के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular