Madan Yadav Nomination : भोजपुर जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीति का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है, लालू यादव के बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की ओर से मदन यादव ने अपना नामांकन कर दिया है।
- हाइलाइट: Madan Yadav Nomination
- मदन यादव का नामांकन: जनसेवा और परिवर्तन का संकल्प
आरा। भोजपुर जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीति का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है, लालू यादव के बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की ओर से मदन यादव ने अपना नामांकन कर दिया। नामांकन के उपरांत, जब मदन यादव ने जनता का अपार स्नेह और समर्थन देखा, तो उन्होंने क्षेत्र की जनता का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का यह आशीर्वाद उनके लिए अमूल्य है और वे इसे कभी नहीं भूलेंगे।
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों पर मदन यादव की मुखर आवाज हमेशा सुनाई देती रही है। उन्होंने सड़क, शिक्षा,रोजगार और महथीन माई मंदिर के विकास जैसे मुद्दों पर अपनी चिंता व्यक्त की है। मदन यादव ने यह विश्वास दिलाया कि जनशक्ति जनता दल और वे स्वयं, एक सेवक के रूप में, इन सभी विषयों पर पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
मदन यादव ने जनता के हक के लिए अपनी जान तक न्योछावर करने की बात कहकर अपनी दृढ़ता और समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने शाहपुर की जनता से विनम्र अपील की कि वे अपने भाइ मदन यादव को ना भूले और जाति-पाति से ऊपर उठकर सेवा करने का एक मौका दें। उन्होंने पिछले दस वर्षों से वर्तमान राजद विधायक द्वारा अपने भाइयों के साथ भेदभाव का दावा किया और परिवर्तन का संकल्प लेने की बात कही।
शाहपुर अंचल के जवनिया गांव की वर्तमान दयनीय स्थिति पर उन्होंने चिंता व्यक्त की और इसकी जिम्मेदारी एनडीए सरकार और वर्तमान राजद विधायक पर डाली। उन्होंने जनता से अपने भाई मदन यादव को एक अवसर देने का निवेदन किया, ताकि गरीब, किसान और मजदूर की आवाज को विधानसभा तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने यह भी दोहराया कि सत्ता में न रहते हुए भी उन्होंने हमेशा जनता के हक की लड़ाई लड़ी ।
उनके उद्बोधन में जनता के प्रति गहरा प्रेम, कृतज्ञता और शाहपुर के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही थी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी यह प्रतिबद्धता और सेवा भाव चुनावी परिणामों में कैसे परिलक्षित होता है।


