Mahapanchayat: शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आगामी 24 जून को सर्व समाज की महापंचायत आयोजित की जाएगी।
- हाइलाइट: Mahapanchayat
- 36 बिरादरियों का जुटान, कुंडवा मंदिर में होगी महापंचायत
आरा। शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आगामी 24 जून को सर्व समाज की महापंचायत आयोजित की जाएगी। महापंचायत में क्षेत्र की 36 बिरादरियों के प्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों को शामिल होने का आह्वान किया गया है।
आयोजकों द्वारा जारी पोस्टर के अनुसार यह महापंचायत बुधवार 24 जून को दोपहर 12 बजे से बिलौटी स्थित प्राचीन कुंडवा शिव यानी कुंडेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित होगी। महापंचायत का उद्देश्य भरत तिवारी प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर समाज की एकजुटता प्रदर्शित करना तथा आगे की रणनीति तय करना बताया गया है।
पोस्टर में भरत तिवारी को न्याय दिलाने के लिए अधिक से अधिक लोगों से उपस्थित होने की अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि महापंचायत में विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा सर्व समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि भरत तिवारी की मौत के मामले को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा बनी हुई है। विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा घटना की निष्पक्ष जांच तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की जा रही है। ऐसे में 24 जून को होने वाली यह महापंचायत क्षेत्र की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


