RJD Candidate Sonu Rai: इस बैठक में जदयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद के चाचा हकीम प्रसाद ने भी सोनू राय के समर्थन का ऐलान किया और कहा की सोनू राय को भारी मतों से विजयी बनाएंगे।
- हाइलाइट: RJD Candidate Sonu Rai
- इंडिया गठबंधन प्रत्याशी सोनू कुमार राय ने कहा: यह लड़ाई जनप्रतिनिधियों के सम्मान की…
आरा। भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के बिहार विधान परिषद उपचुनाव की तैयारी के मद्देनजर आरा स्थित होटल समृद्धि में इंडिया गठबंधन समर्थित राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी सोनू कुमार राय के पक्ष में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता राजद भोजपुर के जिलाध्यक्ष वीरबल यादव ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव रामबाबू पासवान द्वारा किया गया।
बैठक में इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं, त्रि-स्तरीय पंचायत एवं नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शिरकत की। इस दौरान आगामी उपचुनाव के लिए एक विस्तृत और ठोस चुनावी रणनीति तैयार की गई।
RJD Candidate Sonu Rai: जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की सदन में मजबूती से उठाएंगे आवाज
सभा को संबोधित करते हुए एमएलसी प्रत्याशी सोनू कुमार राय ने कहा कि यह उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं है, बल्कि यह पंचायत और नगर निकाय के जनप्रतिनिधियों के सम्मान, हक और उनके अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की अनदेखी की गई है। श्री राय ने संकल्प लिया कि वे जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा, पेंशन और मानदेय में वृद्धि के मुद्दों को लेकर सदन में मजबूती से आवाज उठाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर जनप्रतिनिधियों से जुड़ें और उनके विश्वास को जीतें।
राजद जिलाध्यक्ष वीरबल यादव ने कहा कि आज की बैठक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि संगठन पूरी तरह एकजुट और चुनावी मोड में है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और पंचायत से लेकर नगर निकाय तक के जनप्रतिनिधियों का समर्थन सोनू कुमार राय को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाएगा। पूर्व विधान पार्षद लालदास राय ने इस चुनाव को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का चुनाव करार दिया।
हकीम प्रसाद ने भी सोनू राय के समर्थन का किया ऐलान
इस अवसर पर जदयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद के चाचा हकीम प्रसाद ने भी सोनू राय के समर्थन का ऐलान किया और कहा की सोनू राय को भारी मतों से विजयी बनाएंगे। राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक मो. नवाज आलम उर्फ अनवर आलम ने कहा कि हर कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र का सेनापति बनकर बूथ स्तर पर किला मजबूत करना होगा। पूर्व विधायक विजयेंद्र यादव ने कहा कि क्षेत्र की जनता बदलाव के मूड में है और सोनू राय उस बदलाव के वाहक बनेंगे। भाकपा माले के पूर्व विधायक शिव प्रकाश रंजन ने गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि वार्ड-वार्ड तक जनसंपर्क अभियान चलाकर गठबंधन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क और सोशल मीडिया समन्वय जैसी रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया और सभी पदाधिकारियों को विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जानकारी दी गई कि राजद प्रत्याशी सोनू कुमार राय आगामी 20 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जिसमें गठबंधन के तमाम वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में समर्थक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व विधायक भाई दिनेश, राम विशुन सिंह उर्फ लोहिया, अरुण यादव, चंद्रदीप सिंह, राजू यादव और किशोर कुणाल सहित गठबंधन के कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


