Munna Singh of Dhobha arrested: नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्ना सिंह को धर दबोचा।
- हाइलाइट: Munna Singh of Dhobha arrested
- सोने की चेन छिनतई के मामले में एक गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
आरा। शहर में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में नगर थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बाइक सवार युवक के गले से सोने की चेन छीनने के मामले का उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। पकड़ा गया आरोपी मुन्ना सिंह, धोबहा थाना क्षेत्र के धोबहा गांव निवासी अरुण सिंह का पुत्र है।
बाइक सटा झपट ली गले से सोने की चेन: यह मामला बीते 14 फरवरी का है, जब मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़का डुमरा गांव निवासी अर्जुन सिंह के पुत्र अनुराग सिंह छोटकी सिंगही से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सर्विस लेन के पास एक उजले और काले रंग की आर वन-5 बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी बाइक में अपनी बाइक सटा दी। इससे पहले कि अनुराग कुछ समझ पाते, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश अपनी तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए। पीड़ित अनुराग सिंह ने उनका पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। चूंकि चालक ने हेलमेट पहन रखा था, इसलिए उसकी पहचान तत्काल संभव नहीं हो पाई थी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी: इस घटना के संबंध में पीड़ित अनुराग सिंह द्वारा नगर थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्ना सिंह को धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों और इस तरह की अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सके।


