NDA wins Bhojpur: भोजपुर जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर मतगणना का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसके परिणाम एनडीए के पक्ष में रहे। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने शानदार जीत दर्ज की है।
- हाइलाइट:
- भोजपुर जिले की सभी सीटों पर एनडीए ने दर्ज की शानदार जीत
NDA wins Bhojpur: भोजपुर जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर मतगणना का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसके परिणाम एनडीए के पक्ष में रहे। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने शानदार जीत दर्ज की है। सुबह 8 बजे से ही डाक मतपत्रों की गिनती का कार्य प्रारंभ हुआ था। इसके लगभग आधे घंटे के उपरांत, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के वोटों की गिनती शुरू की गई और शाम 4 बजे तक आते-आते सभी सात विधानसभा सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों ने अपनी जीत की मोहर लगा दी। इन सात विधानसभा सीटों में आरा, संदेश, बड़हरा, शाहपुर, जगदीशपुर, अगिआंव और तरारी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि 6 नवंबर को भोजपुर जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर कुल 58.52 प्रतिशत मतदान हुआ था चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग मतगणना टेबल और निर्धारित राउंड की व्यवस्था की गई थी, जिससे मतगणना प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी रूप से संपन्न हो सके।
जिले के इन सभी सातों सीटों पर कुल 82 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। कई दिग्गजों ने इस चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई। इनमें तरारी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विशाल प्रशांत, संदेश से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार दीपू सिंह, जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के एमएलसी राधा चरण साह, जगदीशपुर से जेडीयू के प्रत्याशी श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, बड़हरा से भाजपा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं शाहपुर से राजद विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी जैसे प्रमुख चेहरे शामिल थे। इन सभी प्रमुख उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज मतदाताओं ने किया।
राजनीतिक समीकरणों के दृष्टि से, एनडीए गठबंधन में शामिल भाजपा ने अपने पांच उम्मीदवार आरा, बड़हरा, तरारी, अगिआंव और शाहपुर सीटों पर उतारे थे। वहीं, जेडीयू के उम्मीदवार संदेश और जगदीशपुर से चुनावी मैदान में थे। दूसरी ओर, महागठबंधन में शामिल राजद ने चार सीटों – संदेश, जगदीशपुर, बड़हरा और शाहपुर पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। इसके अतिरिक्त, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (भाकपा माले) ने आरा, तरारी और अगिआंव सीटों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।
- आरा: बीजेपी के संजय सिंह (टाइगर) ने सीपीआई (एम) के क्यूमुद्दीन अंसारी को 19,581 वोटों से हराया।
- बड़हराः बीजेपी के राघवेंद्र प्रताप सिंह ने आरजेडी के अशोक कुमार सिंह को 14,403 वोटों से हराया।
- संदेशः जेडीयू के राधा चरण साह ने आरजेडी के दीपू सिंह को केवल 27 वोटों के बेहद करीबी अंतर से हराया।
- शाहपुर: बीजेपी के राकेश रंजन (BJP) ने आरजेडी के राहुल तिवारी को 15,225 वोटों से हराया।
- अगिआंव: बीजेपी के महेश पासवान ने सीपीआई (एम) के शिव प्रकाश रंजन को केवल 95 वोटों के अंतर से हराया।
- तरारी: बीजेपी के विशाल प्रशांत ने सीपीआई (एम) के मदन सिंह को 11,464 वोटों से हराया।
- जगदीशपुरः जेडीयू के श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने आरजेडी के किशोर कुणाल को 18,193 वोटों से हराया।
इस बार के चुनाव में एक महत्वपूर्ण बात यह रही कि भोजपुर की किसी भी विधानसभा सीट पर एनडीए या महागठबंधन ने किसी भी महिला उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया था। हालांकि, जन सुराज पार्टी ने शाहपुर विधानसभा सीट से पद्मा ओझा को अपना उम्मीदवार बनाया था। इसके अलावा, बड़हरा से निर्दलीय काजल और संदेश से निर्दलीय संध्या कुमारी ने भी इस चुनावी रण में अपनी किस्मत आजमाई, हालांकि वे जीत दर्ज करने में सफल नहीं हो पाईं। भोजपुर जिले की जनता ने एनडीए पर अपना भरोसा जताया है और सात की सात सीटों पर विजयी बनाकर एक स्पष्ट जनादेश दिया है।



