Paharpur of Shahpur Assembly: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार राकेश ओझा के समर्थन में गुरुवार को शाहपुर प्रखंड अंतर्गत गौरा पंचायत के पहरपुर गांव के उच्च विद्यालय मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया।
- हाइलाइट:
- यूपी के उपमुपख्यमंत्री बोले-तेजस्वी जनता से सिर्फ फर्जी वादा कर रहे हैं
- राकेश ओझा ने मतदाताओं से किया भावनात्मक अपील
- कहा: 2015 की “गलती” का परिणाम आप सभी ने देखा है
Paharpur of Shahpur Assembly: बिहार विधानसभा चुनाव के शुरुआती चरण के आगाज़ के साथ ही शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार राकेश ओझा के समर्थन में गुरुवार को शाहपुर प्रखंड अंतर्गत गौरा पंचायत के पहरपुर गांव के उच्च विद्यालय मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बीजेपी नेता और यूपी के उपमुपख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार की जनता से सिर्फ फर्जी वादा कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश का बजट आठ लाख करोड़ का है, अभी बिहार का बजट उतना नहीं है, लेकिन जितना वादा तेजस्वी यादव कर रहे है उतना भारत सरकार का बजट भी छोटा पड़ जाएगा।
उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से निकालने का काम किया है। एनडीए की सौ से अधिक बड़ी-बड़ी सभाएं हो गई हैं, लेकिन महागठबंधन की शुरुआत तक नहीं हुई है। चुनाव तो पहले ही हार चुके हैं। अब गुमराह करने का वादा कर रहे हैं। केशव प्रसाद ने आगे कहा कि बिहार आज विकास के पथ पर आगे बढ़ चला है। बिहार की जनता इतनी नासमझ नहीं है कि लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव के हाथ में सता सौंप कर अपने बेटों का भविष्य खराब कर ले। तेजस्वी का भविष्य बिहार चलाने के लिए नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी बिहार में आए अधिकार यात्रा करके चले गए, अब कहां गायब हो गए पता नहीं चल रहा है। जैसे राहुल गांधी गायब हुए वैसे ही महागठबंधन को गायब कर देना है। केशव प्रसाद मौर्य शाहपुर विधानसभा से बीजेपी के प्रत्याशी राकेश रंजन के समर्थन में जनसभा करने पहुंचे थे।
Paharpur of Shahpur Assembly: राकेश ओझा ने मतदाताओं से किया भावनात्मक अपील
चुनावी मंच से राकेश ओझा ने 2015 के विधानसभा चुनाव की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय हुई “गलती” का परिणाम उनके पिता की हत्या के रूप में सामने आया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मतदाताओं को इसे याद रखना चाहिए। ओझा ने आगे आरोप लगाया कि विशेश्वर ओझा हत्याकांड की जांच में स्थानीय विधायक का हत्यारों के संपर्क में होना सामने आया था, लेकिन तत्कालीन सरकार से लाभ उठाकर वे बच निकलने में सफल रहे।
ओझा ने शाहपुर में हाल ही में आई बाढ़ का मुद्दा भी उठाया, यह इंगित करते हुए कि अभी भी कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति है। सड़कों की हालत खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि जवाइनिया गांव को बाढ़ से बचाने के लिए सरकार द्वारा आवंटित 9.5 करोड़ रुपये की राशि को स्थानीय विधायक ने अपने “दलालों” के माध्यम से हड़प लिया है। उन्होंने मतदाताओं से इस “भ्रष्टाचार” को न भूलने का आग्रह किया।
अपने संबोधन के अंत में, राकेश ओझा ने उपस्थित जनसमूह से ईवीएम पर कमल का बटन दबाकर उन्हें विजयी बनाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, भाजपा नेता मुक्तेश्वर ओझा उर्फ भूअर ओझा और अन्य नेता उपस्थित रहे।


