Homeराजनीतदो बार राजद के साथ गये पर गड़बड़ी के चलते वापस आ...

दो बार राजद के साथ गये पर गड़बड़ी के चलते वापस आ गये- नीतीश

लालू प्रसाद यादव व परिवार पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसको राज मिलता है नौ-नौ गो बाल-बच्चा पैदा करता है?

Nitish Kumar – Bhojpur: लालू प्रसाद यादव व परिवार पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसको राज मिलता है नौ-नौ गो बाल-बच्चा पैदा करता है? अपने पद से हट गया तो बीवी को मुख्यमंत्री बनवा दिया।

  • हाइलाइट :- Nitish Kumar – Bhojpur
    • दो बार राजद के साथ गये पर गड़बड़ी के चलते वापस आ गये
    • जिसको राज मिलता है नौ-नौ गो बाल-बच्चा पैदा करता है? नीतीश

Nitish Kumar – Bhojpur आरा/जगदीशपुर/गड़हनी: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शिक्षकों की बहाली हमने की पर कुछ लोग इसका श्रेय लेने में लगे हैं। अब तक आठ लाख युवाओं को नौकरी दे दी गई है। अगले साल से पहले ही हम लोग 10 लाख नौकरी देने का वायदा पूरा कर देंगे। इसकी तैयारी कर ली गई है। शनिवार को भोजपुर के जगदीशपुर नगर के खेल मैदान और गड़हनी के रामदहिन मिश्र स्टेडियम में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जातीय गणना कराई। गणना में यह पता चला कि 90 फीसदी परिवार गरीबी की मार झेल रहे हैं। ऐसे 94 लाख गरीब परिवारों को सशक्त करने के लिए दो-दो लाख रुपये दिये जा रहे हैं। हमने आरक्षण का दायरा भी 75 फीसदी तक बढ़ा दिया है। बिहार में माहौल बदल चुका है। बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है। सभी का विकास हो रहा है। मैं पूरे बिहार के बेटे-बेटियों को अपना परिवार समझ कर काम कर रहा हूं। विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ अपने बेटा-बेटी में ही लगे रहते हैं। बिना नाम लिये तेजस्वी यादव पर निशाना साधा और कहा कि कुछ लोग अनाप-शनाप प्रचार कर रहे हैं। जिसे मैंने बनाया था, जब उसके द्वारा ही गड़बड़ किया जाने लगा, तो हट गये।

कब्रिस्तान की घेराबंदी कराई तो पुराने मंदिरों की चहारदीवारी भी हो रही

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजद के 15 साल के शासन काल में हिंदू और मुस्लिमों का विवाद बहुत अधिक होता था। इन विवादों को रोकने का प्रयास नहीं किया गया, बल्कि बड़ा वोट बैंक बनाया गया। जब एनडीए की सरकार बिहार में बनी, तब विवाद खत्म करने का प्रयास किया गया। अब यह विवाद देखने-सुनने को नहीं के बराबर मिलता है। हमने कब्रिस्तान की घेराबंदी कराई तो 60 वर्ष पुराने मंदिरों की चहारदीवारी भी कराई जा रही है। चहारदीवारी होने से मंदिर सुरक्षित हो जाएंगे। हम तो सबके लिए काम करते हैं। हमारी सरकार ने मदरसों को मान्यता दे शिक्षकों की नियुक्ति की। नौ हजार कब्रिस्तानों की घेराबंदी की। अभी एक हजार का कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने आरा लोकसभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी राज कुमार सिंह को पहले से भी ज्यादा मतों से विजयी बनाने और अगिआंव विधानसभा क्षेत्र के एनडीए उम्मीदवार प्रभुनाथ प्रसाद को फिर से जिता सरकार को मजबूत करने की अपील मतदाताओं से की।

दो बार राजद के साथ गये पर गड़बड़ी के चलते वापस आ गये

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की राजद सरकार में शाम में कोई बाहर नहीं जाता था। भाजपा और जदयू ने मिलकर हर गांव-घर में विकास का कार्य किया है। घर-घर बिजली पहुंचाई। नल का जल पहुंचाया। प्रत्येक टोले को पक्की सड़क से जोड़ा। जो थोड़ा-बहुत काम बचे हैं, वे भी जल्द होंगे। 1995 में वह एनडीए में शामिल हुए थे। इस बीच वह दो बार राजद के साथ गये, परंतु वहां इतना गड़बड़ किया कि वापस आ गये। अब हम किसी दूसरे के साथ नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोग जानते हैं कि 2005 के पहले क्या स्थिति थी। शिक्षा, चिकित्सा, सड़क, बिजली, सिंचाई, पुल-पुलिया सहित सभी विभागों की स्थिति बदतर थी। हमने सभी विभागों की स्थिति बेहतर की है। जब भाजपा और जदयू ने मिलकर काम करना शुरू किया तब 2006 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या एक माह में मात्र 29 थी जो 2024 में प्रति माह 11 हजार हो गई है। उन्होंने लोगों से पूछा कि 2005 के पहले विद्यालयों में क्या स्थिति थी? 10 लाख लोगों को शिक्षक की नौकरी और 10 लाख को स्वरोजगार देने का कार्य किया गया है। विद्यालयों में छात्रों को पोशाक, साइकिल और छात्रवृत्ति के साथ इंटर पास को 25 हजार और स्नातक पास को 50 हजार रुपए दिये जा रहे हैं।

महिलाओं को हर तरह से बनाया सबल

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम बनने से पहले कई राज्यों में गये थे। वहां महिलाओं को सबल बनाने के लिए स्वंय सहायता समूह से जोड़ा जाता था, परंतु यह सब बिहार में नहीं था। आज जीविकी दीदी से लेकर स्वयं सहायता समूहों का गठन गांवों से लेकर नगर तक में कर दिया गया है। महिलाओं को पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत और नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य किया गया। महिला सशक्तीकरण के तहत महिलाएं शिक्षित हुई हैं। 2005 से पहले प्रजनन दर 4.3 थी, लेकिन आज 2.2 रह गई है। पंचायत शिक्षकों की बहाली में 2007 और पुलिस की बहाली में 2013 से ही महिलाओं को आरक्षण दिया जा रहा है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी महिलाओं को आरक्षण दिया। हर तरह से सबल बनाया है।

जिसको राज मिलता है नौ-नौ गो बाल-बच्चा पैदा करता है?

लालू यादव व परिवार पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसको राज मिलता है नौ-नौ गो बाल-बच्चा पैदा करता है? अपने पद से हट गया तो बीवी को मुख्यमंत्री बनवा दिया। इसके बाद बेटा-बेटी अनाप शनाप बोलता रहता है। पहले लड़कियों के बारे में कोई सोचता था? साइकिल दिये तो लड़कियां न केवल पढ़ने जानी लगी, बल्कि मां को बैठाकर बाजार ले जाने लगीं। आरा में इंजीनियरिंग कॉलेज, महिला आईटीआईव मेडिकल कॉलेज दिया। स्वास्थ्य सेवा को बढ़िया से संचालित करने के लिए 544 करोड़ से हॉस्पिटल का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

Nitish Kumar – Bhojpur: वीर कुंवर सिंह को भी किया याद

मुख्यमंत्री ने 1857 के अमर योद्धा वीर बाकुड़ा कुंवर सिंह को याद करते हुए कहा कि वीर कुंवर सिंह की स्मृति में संग्रहालय बनवाया, परिभ्रमण स्थल में शामिल कराया। उनसे जुड़े स्थलों को विकसित किया जा रहा है।

इन्होंने किया सभा को संबोधित : चुनावी सभा को मंत्री विजय चौधरी, अशोक चौधरी, सुनील कुमार एमएलसी व विधान परिषद के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह, जीवन कुमार, पूर्व मंत्री श्रीभगवान सिंह कुश्वाहा, जय कुमार सिंह, कुटुंबा विधायक ललन, पूर्व विधायक सुनील पाण्डेय, जदयू जिलाध्यक्ष संजय सिंह, राजेश्वर सिंह, लालबहादुर महतो, सुषुमलता कुश्वाहा, पूनम कुश्वाहा, रोहित कुश्वाहा, अनूप पटेल सहित अन्य ने भी संबोधित किया। गड़हनी में अध्यक्षता लोजपा (आर) के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पासवान ने की। जदयू प्रखंड अध्यक्ष अमरीश सिंह तोमर, भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक केशरी, पूर्व प्रमुख सुनय परमार उर्फ बब्लू सिंह, पूर्व मुखिया तस्लीम आरिफ उर्फ गुड्डु, डॉ अकबर अली, गुड्डू सिंह बबुआन, मुखिया चंद्रशेखर सिंह, इमरान उर्फ सोनू, भाई बरमेश्वर, पवन कुशवाहा, मोहन राम, संजीत चंद्रवंशी भी मौजूद थे।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular