HomeNewsबिहारजगदीशपुर के नए एसडीओ बने ओमप्रकाश लाल

जगदीशपुर के नए एसडीओ बने ओमप्रकाश लाल

Omprakash Lal: रोहतास में वरीय उपसमाहर्ता के रूप में कार्यरत ओम प्रकाश लाल को भोजपुर जिले के जगदीशपुर अनुमंडल का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।

  • हाइलाइट:Omprakash Lal
  • मूल रूप से बिहार के बक्सर निवासी ओम प्रकाश लाल 67वीं बीपीएससी के टॉपर रहे हैं

आरा। जिले के जगदीशपुर अनुमंडल को नया अनुमंडल पदाधिकारी मिल गया है। राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के अंतर्गत रोहतास में वरीय उपसमाहर्ता के रूप में कार्यरत ओम प्रकाश लाल को जगदीशपुर का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

मूल रूप से बिहार के बक्सर निवासी ओम प्रकाश लाल की गिनती काफी तेजतर्रार अधिकारी के रूप में होती है। वे 67वीं बीपीएससी के टॉपर रहे हैं, उन्होंने गणित विषय से स्नातक तथा हिंदी से पोस्ट ग्रेजुएट किया है। इसके पहले वे वर्ष 2016 से पथ निर्माण विभाग में आफिसर के रुप में कार्यरत थे।

बता दें की यह पद कुछ समय से रिक्त था। इससे पूर्व जगदीशपुर के एसडीएम के रूप में तैनात संजीत कुमार को शाहपुर के बिलौटी स्थित भरत तिवारी प्रकरण में प्रशासनिक कार्रवाई के तहत हटाकर मुख्यालय पटना स्थानांतरित कर दिया गया था। पूर्व एसडीएम के हटने के बाद से अनुमंडल के प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए वहां के डीसीएलआर अमरेन्द्र कुमार को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। अब ओम प्रकाश लाल की नियुक्ति के बाद अनुमंडल कार्यालय में नियमित कामकाज की व्यवस्था पुनः बहाल हो जाएगी।

प्रशासनिक दृष्टि से ओम प्रकाश लाल की यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एक अनुभवी अधिकारी के रूप में उनके समक्ष जगदीशपुर क्षेत्र में कानून और व्यवस्था को बनाए रखना, भूमि संबंधी विवादों का समयबद्ध निष्पादन करना और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना मुख्य प्राथमिकताएं होंगी।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular