Sports Festival: भोजपुर जिला प्रशासन की अभिनव पहल: ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए पंचायत स्तर पर ‘खेल उत्सव’ का भव्य आयोजन
- हाइलाइट: Sports Festival
- प्रथम चरण में जिले के कुल 80 पंचायत खेल मैदानों में खेल गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
आरा। जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में और उप विकास आयुक्त गुंजन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आज, 27 फरवरी को जिले की विभिन्न पंचायतों में भव्य ‘खेल उत्सव’ का आयोजन किया गया। प्रथम चरण में जिले के कुल 80 पंचायत खेल मैदानों में खेल गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
विदित रहे कि इन मैदानों का निर्माण मनरेगा योजना के अंतर्गत विशेष रूप से ग्रामीण युवाओं की खेल आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया गया है। खेल उत्सव के दौरान वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ। इन आयोजनों में ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और स्थानीय खिलाड़ियों ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाते हुए बड़ी संख्या में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की योजना है, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।


