Homeबिहारआरापैक्स अध्यक्षों एवं प्रबंधकों के लिए जिलास्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन

पैक्स अध्यक्षों एवं प्रबंधकों के लिए जिलास्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन

PACS भोजपुर, आरा। सहकारिता विभाग द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में शुक्रवार को नागरी प्रचारिणी भवन, आरा में भोजपुर जिले के सभी पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समिति) एवं व्यापार मण्डल के अध्यक्षों तथा प्रबंधकों के लिए एक दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना, उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ना और उनके व्यावसायिक दायरे का विस्तार करना था।

कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी, भोजपुर, श्री तनय सुल्तानिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, आरा के अध्यक्ष श्री सत्येन्द्र नारायण सिंह ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार सरकार के सेवानिवृत्त अवर निबंधक (सहयोग समितियाँ), श्री अजय कुमार अलंकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन सभी मंचासीन अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान पैक्स अध्यक्षों एवं प्रबंधकों को उनके प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यशाला में विशेष रूप से पैक्सों (PACS) में सुदृढ़ लेखा संधारण और समयबद्ध अंकेक्षण (Audit) की प्रक्रिया पर बल दिया गया। वर्तमान डिजिटल युग की आवश्यकताओं को देखते हुए ‘पैक्स कंप्यूटराइजेशन’ (PACS Computerization) विषय पर तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से चर्चा की गई, ताकि समितियों के कार्यों में गति और सटीकता सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त, पैक्सों को ‘डिपोजिट मोबिलाइजेशन एजेंट’ के रूप में विकसित करने और उनमें व्यवसायिक विविधीकरण एवं उद्यमशीलता के विकास हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सहकारी समितियों को बहुआयामी बनाने के उद्देश्य से कार्यशाला में कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों को भी शामिल किया गया। प्रतिभागियों को पैक्सों के माध्यम से सामान्य सेवा केंद्र (CSC) की सेवाओं का संचालन, अनाज अधिप्राप्ति कार्य, बिहार राज्य फसल सहायता योजना और मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में प्रशिक्षित किया गया। साथ ही, समितियों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए गोदाम निर्माण, औषधीय व्यापार हेतु ड्रग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया, पैक्सों में कृषक समृद्धि केंद्र की स्थापना तथा पेट्रोल पंप संचालन जैसी नई व्यावसायिक संभावनाओं पर तकनीकी जानकारी साझा की गई। नई बहुउद्देश्यीय सहकारी समितियों की सदस्यता वृद्धि और अन्य समसामयिक बिंदुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यशाला के दौरान पैक्स/व्यापार मण्डल के अध्यक्षों एवं प्रबंधकों ने प्रशिक्षण प्रदान करने वाले अधिकारियों से अपनी समस्याओं एवं अन्य संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में सुझाव भी साझा किए। इस अवसर पर श्रीमती लवली, जिला सहकारिता पदाधिकारी, भोजपुर, श्री सुभाष चन्द्र वर्मा, जिला अंकेक्षण पदाधिकारी, सहकारिता, भोजपुर, मो० शाहनवाज आलम, प्रबंध निदेशक, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक लि०, आरा, डॉ० नीरज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, भोजपुर, जिला मत्स्य पदाधिकारी, भोजपुर, सहायक निबंधक, सहयोग समितियाँ, आरा सहित सहकारिता एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular