Floodwaters: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत दोघरा पंचायत के राम लगन लाल के टोला में शनिवार की दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है
- हाइलाइट : Floodwaters
- किशोर की तलाश के लिए पहुंची एसडीआरएफ की टीम
आरा। जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत दोघरा पंचायत के राम लगन लाल के टोला में शनिवार की दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बाढ़ के पानी में स्नान करने के दौरान 14 वर्षीय किशोर लापता हो गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लापता किशोर की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव निवासी राज किशोर राम के पुत्र मोहित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहित अपने ननिहाल, लालू राम के घर आया हुआ था। शनिवार दोपहर वह अन्य चार लड़कों के साथ बाढ़ के पानी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान गहरे पानी का अंदाजा न लगा पाने के कारण वह अचानक डूब गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
Floodwaters : किशोर की तलाश के लिए पहुंची एसडीआरएफ
घटना की सूचना मिलते ही बिहिया की बीडीओ अर्चना वर्मा, सीओ निलेश कुमार और थानाध्यक्ष सुन्देश्वर कुमार दास दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सीओ निलेश कुमार ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है, साथ ही एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद खोजबीन अभियान को और तेज कर दिया गया है।
मोहित दो भाइयों में छोटा है। घटना के बाद उसकी मां मीना देवी का दुख असहनीय है और वह अपने बेटे के सुरक्षित लौटने की प्रार्थना करती रही। घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय समाजसेवी व बसपा कार्यकर्ता राहुल कुमार ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि समाचार लिखे जाने तक मोहित का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। थानाध्यक्ष पूरी तत्परता के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं और एसडीआरएफ की टीम लगातार उसे खोजने के प्रयास में जुटी है।
पूर्व विधायक ने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी
इस दुखद घड़ी में शाहपुर के पूर्व विधायक राहुल तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। वे क्षेत्र में सोन और गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्पन्न आपदा का जायजा लेने के लिए लगातार भ्रमण कर रहे हैं। जैसे ही उन्हें राम लगन लाल के टोला में किशोर के लापता होने की सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और प्रशासनिक अधिकारियों से स्पष्ट कहा है कि इस आपदा की घड़ी में बाढ़ पीड़ितों को हर संभव सुविधा ससमय उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ के पानी में अनावश्यक न जाएं और बच्चों को भी जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें।







