Homeबिहारआरा भोजपुरसंदेश खेल मैदान के अस्तित्व को बचाने के लिए आर-पार की लड़ाई

संदेश खेल मैदान के अस्तित्व को बचाने के लिए आर-पार की लड़ाई

Sandesh Playground: संदेश खेल मैदान को बचाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन लगातार कई दिनों से जारी है।

  • हाइलाइट: Sandesh Playground
  • खेल मैदान के बीचों-बीच निर्माण कार्य, जिससे जन-आक्रोश और गहराता जा रहा है
  • आंदोलनकारियों ने अब ‘करो या मरो’ के संकल्प के साथ अपने तेवर कड़े कर लिए हैं

आरा। भोजपुर जिले के संदेश प्रखंड मुख्यालय परिसर में इन दिनों भारी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र के युवाओं के भविष्य और खेल प्रतिभाओं के एकमात्र ठिकाने, खेल मैदान को बचाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन लगातार कई दिनों से जारी है। विडंबना यह है कि आंदोलन के इतने दिन बीत जाने के बाद भी शासन-प्रशासन के किसी भी प्रतिनिधि ने आंदोलनकारियों की सुध लेना उचित नहीं समझा है, जिससे जन-आक्रोश और गहराता जा रहा है।

धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता कर रहे भगवती चौधरी ने अपने संबोधन में प्रशासनिक उदासीनता पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह खेल मैदान केवल एक जमीन का टुकड़ा नहीं है, बल्कि इस क्षेत्र के बच्चों और युवाओं का भविष्य है। इसे बचाना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने अधिकारियों की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के बावजूद, जानबूझकर खेल मैदान के बीचों-बीच निर्माण कार्य कराया जा रहा है। हम इस अन्याय का लगातार विरोध कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे सोनू गुप्ता ने क्षेत्र की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि संदेश प्रखंड दशकों से उपेक्षा का शिकार रहा है। प्रशासन और सरकार ने हमेशा जनहित की अनदेखी कर अपनी मनमानी की है। आज इस क्षेत्र के लोग स्वच्छ पेयजल, उचित जल निकासी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन इन समस्याओं के निदान के लिए कोई आगे नहीं आता। अब जब युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, तो क्षेत्रवासी इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।

आंदोलनकारियों ने अब ‘करो या मरो’ के संकल्प के साथ अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार और संबंधित विभाग ने इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य नहीं रुकवाया, तो वे राष्ट्रीय राजमार्ग-81 (NH-81) को अनिश्चितकाल के लिए जाम कर देंगे। यह निर्णय समस्त ग्रामवासियों का सामूहिक संकल्प है और वे अपनी मांगें पूरी होने तक पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

इस विरोध प्रदर्शन में क्षेत्र की एकजुटता साफ दिखाई दे रही है। धरने में मनंजय सिंह, रविनाथ राम, संजय कुमार, आफताब शहाबादी, लालाबाबू सिंह, रंजय कुमार, सुधीर कुमार गुप्ता, विकास कुमार, राहुल गुप्ता, सरोज सिंह, विजेंद्र कुमार सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग और युवा उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से खेल मैदान के मूल स्वरूप को बरकरार रखने की मांग की है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular