Sanitation Workers Strike: शाहपुर नगर पंचायत की जीवन रेखा मानी जाने वाली एनएच-84 सड़क पर जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं
- हाइलाइट: Sanitation Workers Strike
- नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल
- कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा समस्या का जल्द ही होगा समाधान
आरा। शाहपुर नगर पंचायत के सफाई कर्मियों द्वारा मंगलवार से सफाई कार्य ठप किए जाने से शहर की जीवन रेखा मानी जाने वाली एनएच-84 सड़क पर जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण पूरे शहर में स्वच्छता व्यवस्था ठप पड़ गई है।
Sanitation Workers Strike : समय पर वेतन का भुगतान नहीं
हड़ताली सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मचारियों का कहना है कि परिवार का भरण-पोषण करना अब मुश्किल हो गया है। उन्होंने नपं प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी वे अपने हक के लिए आवाज उठाते हैं, तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। कुछ कर्मचारियों ने यह भी शिकायत की है कि उन्हें मिलने वाली वेतन राशि निर्धारित दर से काफी कम है, जो उनके साथ अन्याय है।
नगर पंचायत की इस लचर व्यवस्था के कारण सड़कों पर फैली गंदगी से महामारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। कूड़े के ढेरों से उठ रही दुर्गंध ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों का जीना दूभर कर दिया है। एनएच-84 जैसे व्यस्त मार्ग पर गंदगी का यह आलम न केवल शहर की छवि को धूमिल कर रहा है, बल्कि यह लोगों की जिंदगी के लिए भी एक खतरा है।
सफाई कर्मचारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता और वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। दूसरी ओर, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार ने समस्या को संवाद के जरिए जल्द ही समाधान करने की बात कही।











