Scorpio accident Bihiya: आरा-बक्सर फोरलेन एनएच (922) पर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा स्थित राही होटल के समीप रविवार की सुबह सवारियो से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर टेलर में पीछे से टक्कर मार दी।
- हाइलाइट: Scorpio accident Bihiya
- भोजपुर में हादसे के दौरान झारखंड निवासी दंपति समेत तीन की मौत, एक जख्मी
- अनियंत्रित स्कॉर्पियो द्वारा टेलर में पीछे से टक्कर मारने से हुआ हादसा
- पुलिस ने तीनो शवो का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
- बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा स्थित राही होटल के समीप रविवार की सुबह घटी घटना
आरा। आरा-बक्सर फोरलेन एनएच (922) पर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा स्थित राही होटल के समीप रविवार की सुबह सवारियो से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर टेलर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो पर सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि अन्य जख्मी हो गए। घटना को लेकर आसपास की इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना पाकर स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची। वहीं आसपास के ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गया। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को निकाला।
Scorpio accident Bihiya : मृतक झारखंड के देवघर संतसंघ नगर निवासी
जानकारी के अनुसार मृतकों में झारखंड के देवघर जिले के देवघर थाना क्षेत्र के देवघर संतसंघ नगर निवासी संजय कुमार सिंह का 32 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार सिंह, उनकी 27 वर्षीया बहू पल्लवी कुमारी एवं सारण (छपरा) जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के इसमैला गांव निवासी विनोद कुमार 26 वर्षीय पुत्र सौरव कुमार शामिल है। इसमें मृतक प्रकाश कुमार सिंह पेशे से इंजीनियर थे। रांची में प्राइवेट कंपनी में जॉब करते थे। जबकि सौरव कुमार छात्र बताया जा रहा है। दोनों रिश्ते में ममेरे-फुफरे भाई लगते थे। वही जख्मी मृतक सौरव कुमार का छोटा भाई 24 वर्षीय कुमार गौरव है।
इधर, मृतक प्रकाश कुमार सिंह के पिता संजय कुमार सिंह के दोस्त राकेश मल्होत्रा ने बताया कि प्रकाश कुमार सिंह की शादी इसी वर्ष 14 फरवरी को रांची में हुई थी। वह अपनी पत्नी पल्लवी सिंह, दो फुफरे भाई सौरव कुमार एवं कुमार गौरव के साथ 15 दिनों से घूमने निकले थे। इस बीच वह पहले नेपाल के पशुपतिनाथ का दर्शन करने गए। वहां से प्रकाश कुमार सिंह सभी लोगों के साथ नोएडा में अपने बहन के ससुराल गए।
वहां से कुल्लू-मनाली व लद्दाख घूमते हुए वापस झारखंड लौट रहे थे। इसी बीच बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा स्थित राही होटल के समीप आगे जा रही टेलर में उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर टकरा गई, जिसमें प्रकाश कुमार सिंह, उनकी पत्नी पल्लवी सिंह एवं फुफरे भाई सौरव कुमार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि मृतक सौरव कुमार का छोटा भाई कुमार गौरव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत को चिंताजनक देखते हुये सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया।
वापस आने का इंतजार कर रहे थे परिवार के लोग
बताया जाता है कि मृतक प्रकाश सिंह अपने दो भाई व एक बहन में बड़े थे। उनके परिवार में मां सुप्रिया सिंह व एक भाई एवं एक बहन है। जबकि मृतक सौरव कुमार अपने दो भाईयों में बड़ा था। उसके परिवार में छोटा भाई कुमार गौरव एवं मां रिंकी सिंह है। जहां एक तरफ प्रकाश कुमार सिंह के परिवार के लोग हाल में हुए उनकी शादी को लेकर घर में खुशियों का माहौल था। परिवार के लोग घूमकर उनके वापस आने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उनके सही सलामत घर लौटने से पहले ही उनके मौत की खबर आ गई। घटना को लेकर मृतकों के घर में हाहाकार मच गया । उनके परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बता दें कि बीते 22 अगस्त 2024 की सुबह आरा-बक्सर फोरलेन पर गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बीबीगंज गांव के पुल के समीप चालक के पलक झपकने के कारण विंध्याचल से दर्शन कर वापस लौट रही महिंद्रा (टीयूभी 300) गाड़ी अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से टकरा गई थी। टक्कर इतना जबरदस्त था की गाड़ी के पचखड़े उड़ गए थे। उस वक़्त हादसे में एक परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई थी। तब तीन लोगों ने घटनास्थल पर व दो लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान दम तोड़ दिया था। जबकि उसी गाड़ी पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी भी हो गए थे।




