Cattle: बिजली विभाग की घोर लापरवाही से किसान की मवेशी की अकाल मृत्यु: पूर्व विधायक भाई दिनेश ने उठाई मुआवजे की मांग
- हाइलाइट: Cattle
- जगदीशपुर प्रखंड के शिवपुर पंचायत अंतर्गत सोनवर्षा गांव में घटी घटना
आरा। भोजपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जिसने एक बार फिर विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों की पोल खोलकर रख दी है। शिवपुर पंचायत के सोनवर्षा गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक गरीब किसान की गाय की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश ने पीड़ित किसान के लिए अविलंब मुआवजे की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत मवेशी जगदीशपुर प्रखंड के शिवपुर पंचायत अंतर्गत सोनवर्षा गांव निवासी चंद्रमा यादव की है। उन्होंने मात्र एक दिन पूर्व ही लगभग एक लाख रुपये की भारी भरकम राशि में एक गाय खरीदी थी। किसान का परिवार इस उम्मीद में था कि यह दुधारू मवेशी उनकी आजीविका का सहारा बनेगी, लेकिन नियति और विभाग की लापरवाही को कुछ और ही मंजूर था। जब उक्त मवेशी गांव में घास चरने के लिए निकली, तो वह गांव में ही स्थापित एक विद्युत ट्रांसफार्मर के समीप पहुंच गई। वहां ट्रांसफार्मर के अर्थिंग तार के पास भारी जल-जमाव था और उसी पानी में बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही गाय उस पानी के संपर्क में आई, उसे जोरदार झटका लगा और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पूर्व विधायक भाई दिनेश ने इस घटना को बिजली विभाग की आपराधिक लापरवाही करार देते कहा कि ट्रांसफार्मर के पास सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। ट्रांसफार्मर का अर्थिंग तार पानी में डूबा हुआ था और वहां किसी भी प्रकार का सुरक्षा घेरा या फेंसिंग नहीं लगाई गई थी। यह पूरी तरह से विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की उदासीनता का परिणाम है, जिसका खामियाजा एक गरीब किसान को अपनी संपत्ति और आजीविका खोकर चुकाना पड़ा है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए भाई दिनेश ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत बोर्ड, जगदीशपुर-बिहिया को इस घटना की विस्तृत जानकारी दी। भाई दिनेश ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि पीड़ित किसान को उसकी आर्थिक क्षति के अनुरूप उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।


