Shooter Arrested – Ara: आरा नगर थाना क्षेत्र के महावीर टोला निवासी सुमित कुमार सिंह हत्याकांड के मुख्य शूटर को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।
- हाइलाइट: Shooter Arrested – Ara
- गिरफ्तार शूटर के पास से हत्या में प्रयुक्त नाइन एमएम का पिस्तौल व मैगजीन बरामद
- नगर थाना क्षेत्र के गांगी के पास से रविवार को पकड़ा गया शूटर
- सुपारी लेकर सुमित सिंह को मारी थी गोली
- नगर थाने क्षेत्र के महावीर टोला में 5 सितंबर की रात हुई थी हत्या
आरा। नगर थाना क्षेत्र के महावीर टोला निवासी सुमित कुमार सिंह हत्याकांड के मुख्य शूटर को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी पुलिस ने रविवार की रात गांगी इलाके से की है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त 9 एमएम पिस्टल एवं एक मैगजीन बरामद हुआ। गिरफ्तार शूटर मूल रूप से बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव निवासी सिद्धार्थ कुमार उर्फ नारायण सिंह है। वर्तमान में वह नगर थाना क्षेत्र के मीरगंज मोहल्ले में रहता है। उसकी गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद पुलिस द्वारा हत्या की पूरी गुत्थी सुलझा दी गई है। पुलिस के अनुसार सिद्धार्थ कुमार उर्फ नारायण सिंह द्वारा सुमित कुमार सिंह की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली गई है। पूछताछ में उसके द्वारा केबी हत्याकांड के अलावे खुद के विवाद में सुमित कुमार सिंह को गोली मारने की बात कही गई है।
एसपी राज की ओर से सोमवार को प्रेस बयान जारी कर यह जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पांच सितंबर की रात सुमित कुमार सिंह की गोली मार कर हत्या की गयी थी। उस मामले में तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिसिया दबिश के कारण नामजद आरोपित नवादा थाना क्षेत्र के जवाहर टोला निवासी दीपक कुमार और रस्सी बगान निवासी सागर कुमार द्वारा 11 सितंबर को कोर्ट में सरेंडर कर दिया गया था। दोनों ने पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां दी। दोनों की निशानदेही पर दो रोज पूर्व हत्याकांड में शामिल जवाहर टोला निवासी गुड्डू कुमार और करमन टोला निवासी रजनीकांत गौतम को गिरफ्तार किया गया था।
हत्या में इस्तेमाल दो पिस्टल और बाइक भी बरामदगी कर ली गई थी। पुलिसिया जांच एवं अनुसंधान में पूर्व में मुख्य शूटर सिद्धार्थ कुमार उर्फ नारायण सिंह का नाम सामने आया। रविवार को थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में हत्याकांड के मुख्य शूटर सिद्धार्थ कुमार उर्फ नारायण सिंह को गिरफ्तार नाइन एमएम की एक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके द्वारा हत्या की बात भी स्वीकार कर ली गई है।
बता दें कि पांच सितंबर (शुक्रवार) की रात नगर थाना क्षेत्र के महावीर टोला रोड में अपराधियों ने सुमित कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। उसे काफी करीब से दो गोली मारी गई थी। सुमित कुमार सिंह मूल रूप से बडहरा प्रखंड के फरहदा गांव का रहने वाला था। हत्या को लेकर सुमित कुमार सिंह के पिता तारकेश्वर सिंह के तहरीर पर तीन नामजद और दो अज्ञात के प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उसमें नवादा थाना क्षेत्र के जवाहर टोला निवासी शिव बालक प्रसाद के पुत्र दीपक कुमार, स्व.रामस्वरूप राम के पुत्र उत्तम कुमार उर्फ बमबम और रस्सी बगान मोहल्ला निवासी सागर को नामजद तथा दो अज्ञात को आरोपित बनाया गया था।
Shooter Arrested – Ara : हत्या से पांच रोज पूर्व सिद्धार्थ और सुमित में हुआ था विवाद
एसपी ने बताया कि सिद्धार्थ कुमार उर्फ नारायण सिंह द्वारा सुमित कुमार सिंह की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली गई है। पूछताछ में उसने बताया कि उसका सुमित कुमार सिंह के साथ खुद भी विवाद हुआ था। उसके जवाहर टोला निवासी दीपक कुमार द्वारा भी सुमित कुमार सिंह की हत्या करने के कहा गया था। उसी को लेकर उसके द्वारा सुमित कुमार सिंह को गोली मारी गयी थी।
इधर, पुलिस सूत्रों के अनुसार सिद्धार्थ कुमार उर्फ नारायण सिंह द्वारा खुद के विवाद के अलावे सुपारी लेकर सुमित कुमार सिंह की हत्या की गयी थी। पूछताछ में भी उसने यह बात स्वीकार की गयी है। बताया गया कि दीपक कुमार की ओर से हत्या के लिए दो लाख की सुपारी दी गई थी। उसमें बीस हजार रुपए एडवांस के तौर पर दी गई थी।
पूछताछ में सिद्धार्थ कुमार उर्फ नारायण द्वारा बताया गया है कि पांच रोज पहले उसका सुमित कुमार सिंह के साथ विवाद हुआ था। तब सुमित कुमार सिंह द्वारा उसके साथ मारपीट की गयी थी। उसी खुन्नस में उसके द्वारा सुमित कुमार सिंह को गोली मारी गई थी। बता दें कि सुमित कुमार सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपित दीपक कुमार जवाहर टोला निवासी केबी उर्फ जीतेंद्र कुमार का भाई है। प्रॉपर्टी डीलर का काम करने वाले केबी उर्फ जीतेंद्र कुमार की कुछ साथ पूर्व हत्या कर दी गई थी। उसकी हत्या में सुमित कुमार सिंह अभियुक्त रहा था और जेल भी जा चुका था।

