Homeराजनीतदही-चूड़ा भोज पर आमंत्रण: तेज प्रताप यादव की स्वतंत्र राजनीतिक उड़ान

दही-चूड़ा भोज पर आमंत्रण: तेज प्रताप यादव की स्वतंत्र राजनीतिक उड़ान

Tej Pratap Yadav: पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपनी गतिविधियों से एक बार फिर राजनीतिक पंडितों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।

jay kumar
  • हाइलाइट: Tej Pratap Yadav
    • लालू-तेजस्वी की मुश्किलें बढ़ाते तेज प्रताप यादव: दही-चूड़ा भोज के बहाने नया अभियान

पटना: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपनी अनूठी गतिविधियों से सुर्खियां बटोर रहे हैं। आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित ‘दही-चूड़ा भोज’ से राजनीतिक गलियारों में काफी उत्सुकता है। इस बार, उन्होंने मकर संक्रांति के पारंपरिक दही-चूड़ा भोज के लिए जो आमंत्रण पत्र वितरित किए हैं, उनमें खासकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया है।

इस भोज में आमंत्रित गणमान्य व्यक्तियों में बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश, लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री संतोष सुमन और बिहार विधान परिषद के अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह जैसे महत्वपूर्ण एनडीए नेता शामिल हैं। यह सूची तेज प्रताप यादव की राजनीतिक दूरदर्शिता या कम से कम उनकी स्वतंत्र कार्यशैली का प्रमाण है।

तेज प्रताप यादव की राजनीतिक यात्रा उतार-चढ़ाव भरी रही है। राजद से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने साहस दिखाया, अपनी नई पार्टी बनाई, भले ही वे चुनाव हार गये हों, लेकिन उनकी जनसंपर्क क्षमता और समर्थकों के बीच लोकप्रियता उल्लेखनीय बनी हुई है। तेज प्रताप यादव ने अपनी राजनीतिक सक्रियता और विशिष्ट शैली से हमेशा ध्यान आकर्षित किया है।

विश्लेषकों का मानना है कि यह तेज प्रताप का अपनी राजनीतिक पकड़ और व्यक्तिगत रसूख को प्रदर्शित करने का तरीका है। उनकी फैन फॉलोइंग अच्छी खासी है और वे सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। दिलचस्प बात यह है कि कुछ मामलों में वे सार्वजनिक तौर से एनडीए सरकार या उसके नेताओं का समर्थन भी करते नजर आए हैं, ऐसे में, दही-चूड़ा भोज के बहाने एनडीए नेताओं के साथ संबंधों को मजबूत करने का यह प्रयास उनकी राजनीतिक यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ सकता है। वही राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव, जो पार्टी को मजबूत करने और महागठबंधन को एकजुट रखने का प्रयास कर रहे हैं, उनके लिए तेज प्रताप की स्वतंत्र राजनीतिक उड़ान राजद कार्यकर्ताओं पर काफी प्रभाव डाल रहा है।

Bijay singh
RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular