Homeराजनीतसम्राट सरकार में रेपिस्टों का एनकाउंटर कब होगा? तेजस्वी यादव

सम्राट सरकार में रेपिस्टों का एनकाउंटर कब होगा? तेजस्वी यादव

Tejashwi Yadav: तेजस्वी यादव ने सरकार से सीधा सवाल किया कि यदि एनकाउंटर ही नीति है, तो बलात्कार और सामूहिक दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदातों को अंजाम देने वाले रेपिस्टों का एनकाउंटर कब होगा?

  • हाइलाइट: Tejashwi Yadav
  • सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से बिहार में अपराध की दर तेजी से बढ़ी है: तेजस्वी यादव

19 मई (मंगलवार) पटना। बिहार में कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर सियासी पारा लगातार गरमाया हुआ है। राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पटना स्थित आरजेडी कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान श्री यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार को घेरे में लेते हुए प्रदेश में बढ़ते अपराध, कानून-व्यवस्था की विफलता और एनकाउंटर की नीति पर तीखे प्रहार किए।

Tejashwi Yadav: यदि एनकाउंटर ही नीति है तो जाती देखकर क्यों? तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव का मुख्य आरोप यह है कि राज्य में पुलिसिया कार्रवाई निष्पक्ष न होकर जाति आधारित होती जा रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में पूछा है कि क्या बिहार में अपराधियों का एनकाउंटर उनकी जाति देखकर किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आए दिन एनकाउंटर की खबरें आ रही हैं, जिनमें या तो अपराधियों को ढेर किया जा रहा है या फिर उन्हें पैर में गोली मारकर लंगड़ा किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से सीधा सवाल किया कि यदि एनकाउंटर ही नीति है, तो बलात्कार और सामूहिक दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदातों को अंजाम देने वाले रेपिस्टों का एनकाउंटर कब होगा।

सरकार में शामिल कई मंत्रियों पर गंभीर आपराधिक मामले:

आरजेडी नेता ने बीते एक महीने के आंकड़ों का हवाला देते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने 15 अप्रैल से 15 मई के बीच प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हुई रेप, हत्या और अपहरण की घटनाओं का विस्तृत ब्योरा दिया। तेजस्वी के अनुसार, सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से बिहार में अपराध की दर तेजी से बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में शामिल कई मंत्रियों पर स्वयं गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, ऐसे में आम जनता की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

तेजस्वी यादव ने सरकार पर केवल रील व फोटोशूट तक सीमित रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गृह विभाग स्वयं मुख्यमंत्री के पास है, इसके बावजूद महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध यह दर्शाते हैं कि राज्य में कानून का डर समाप्त हो गया है। उन्होंने बालिका गृह कांड के आरोपियों का जिक्र करते हुए सरकार से पूछा कि क्या उन्हें अपराधियों की जाति के आधार पर ही न्याय और अन्याय का पैमाना तय करना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार को देखना चाहिए कि पीड़ित महिला की जाति क्या है और आरोपी की क्या, तभी उन्हें न्याय का आभास होगा।

तेजस्वी ने एनडीए सरकार को घेरा:

केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि जनहित की योजनाओं पर भी तेजस्वी (Tejashwi Yadav) ने सरकार को घेरा। उन्होंने राज्य की महिलाओं में खून की कमी, जीविका दीदियों को रसोई गैस सिलेंडर न मिलने और पौष्टिक आहार के अभाव जैसे मुद्दों को उठाया। साथ ही, चुनाव से पहले महिलाओं को 10-10 हजार रुपये देने के वादे पर सरकार से दूसरी किस्त के बारे में जवाब मांगा। बिहार की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार प्रदेश पर 71 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज लादने की तैयारी में है, जबकि केंद्र सरकार से राज्य को कोई विशेष सहयोग प्राप्त नहीं हो रहा है।

पिछले कुछ हफ्तों के घटनाक्रम पर नजर डालें तो प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ के कई मामले सामने आए हैं। 22 अप्रैल से 19 मई के बीच पटना, नवादा, भागलपुर और सीवान जैसे जिलों में हुई मुठभेड़ों में कई कुख्यात अपराधी या तो मारे गए हैं या फिर पुलिस की गोली का शिकार होकर लंगड़े हुए हैं। इनमें लूटकांड और हत्या जैसे संगीन मामलों के आरोपी शामिल हैं। हालांकि, तेजस्वी यादव का तर्क यह है कि इन पुलिसिया कार्रवाइयों की आड़ में कहीं न कहीं भेदभाव की बू आ रही है।

  • पिछले 1 महीने में यहां हुए एनकाउंटर, दो अपराधी ढेर, बाकी को लंगड़ा किया :
  • 22 अप्रैल को पटना में ज्वेलरी लूटकांड के आरोपी दिलीप कुमार को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया, आरोपी के पैर में गोली लगी
  • 26 अप्रैल को नवादा में हत्याकांड के आरोपी मिंटू यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में उसे पैर में गोली मारकर पकड़ा
  • 29 अप्रैल को भागलपुर जिले में सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी हत्याकांड के आरोपी रामधनी यादव पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ
  • 30 अप्रैल को सीवान में भाजपा नेता के भांजे की हत्या का आरोपी छोटू यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
  • 3 मई को इसी मामले में दूसरे आरोपी सोनू यादव को एनकाउंटर में पुलिस ने पकड़ा, उसे पैर में गोली लगी
  • 13 मई को शूटर विदेशी राय को पटना में पुलिस ने लंगड़ा कर दबोचा
  • 18 मई को पटना में लूटकांड के आरोपी संदीप और उसके साथी को पुलिस ने एनकाउंटर में दबोचा, एक को गोली लगी, इसी दिन सीवान में भी ज्वेलरी लूट के मामले में आरोपी अंकित सिंह का हाफ एनकाउंटर किया गया
  • 19 मई को कैश वैन से 27 लाख की लूट के आरोपी नीतीश कुमार को पटना में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया, उसके पैर में गोली लगी
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular